देवउठनी एकादशी पर आज शाम को जानें कितने दीपक जलाना है शुभ
punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 12:23 PM (IST)
नारी डेस्क : देवउठनी एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसी के साथ शुभ एवं मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस खास अवसर पर शाम के समय घरों में दीपक जलाकर भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा की जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देवउठनी एकादशी पर 5, 11, 21 या 51 कितने दीपक जलाना शुभ माना जाता है? इन्हें घर में किन-किन जगहों पर रखना चाहिए और तुलसी के पास दीपदान करते समय किन नियमों का ध्यान रखना जरूरी है? आइए जानते हैं।
देवउठनी एकादशी पर कितने दीपक जलाना शुभ है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी की शाम को तुलसी के पास कम से कम एक दीपक जरूर जलाना चाहिए। इसके अलावा अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार 5, 7, 11, 21 या 51 दीपक भी जलाए जा सकते हैं। कुछ धार्मिक परंपराओं में 108 दीपक जलाने का भी विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

5 दीपक जलाने की परंपरा
अगर आप ज्यादा दीपक नहीं जला सकते तो 5 दीपक जलाकर भी पूजा कर सकते हैं।
धार्मिक मान्यताओं में इन्हें पंचतत्व और पंचदेव का प्रतीक माना जाता है। इन्हें घर की अलग-अलग जगहों पर रखा जाता है।
पहला दीपक पूजा घर में भगवान विष्णु के सामने जलाएं।
दूसरा दीपक तुलसी के पौधे के पास रखें।
तीसरा दीपक घर के मुख्य द्वार पर जलाएं।
चौथा दीपक रसोई में पीने के पानी के स्थान के पास रखें।
पांचवां दीपक पीपल या आंवले के पेड़ के नीचे जलाएं।
यें भी पढ़ें : केवल 6 महीने में Cancer को दें मात! रिकवरी के लिए आज से अपनाएं ये जरूरी टिप्स
7, 11 या 21 दीपक कहां जलाएं?
देवउठनी एकादशी पर कई घरों में 7, 11 और 21 दीपक जलाने की परंपरा है। मान्यता है कि घर के अलग-अलग स्थानों पर दीपक जलाने से सकारात्मकता और सुख-समृद्धि का संचार होता है। आप तुलसी के पास, पूजा घर में भगवान विष्णु और शालिग्राम के सामने, घर के मुख्य द्वार के दोनों ओर, रसोई और आंगन में दीपक जला सकते हैं। इसके अलावा पास के मंदिर और पीपल के वृक्ष के नीचे भी दीपदान किया जा सकता है। दीपकों की संख्या अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार रखें।

51 या 108 दीपक जलाने का क्या है महत्व?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, किसी विशेष मनोकामना की पूर्ति और भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए कुछ लोग 51 या 108 दीपक जलाते हैं। इन्हें घर के आंगन, पूजा स्थल, तुलसी के पौधे के पास और मंदिर में जलाया जाता है। हालांकि, दीपकों की संख्या से अधिक पूजा में श्रद्धा और भाव का महत्व माना जाता है।
चारमुखी दीपक से करें भगवान विष्णु की आरती
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु और शालिग्राम की पूजा के समय चारमुखी दीपक जलाने की परंपरा भी है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, चारमुखी दीपक चारों दिशाओं में प्रकाश और शुभता का प्रतीक है। वहीं, मनोकामना पूर्ति के लिए पीपल के पेड़ के नीचे 11 बत्तियों वाला दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है। शाम को परिवार के सभी सदस्यों के साथ भगवान विष्णु की आरती करें और तुलसी माता के सामने दीपक जलाकर सुख-शांति की प्रार्थना करें।
यें भी पढ़ें : मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए तुलसी विवाह पर करें ये 4 खास उपाय
तुलसी के पास दीपदान करते समय इन नियमों का रखें ध्यान
घी या तिल के तेल का दीपक जलाएं: देवउठनी एकादशी की शाम तुलसी के पास शुद्ध घी या तिल के तेल का दीपक जलाना शुभ माना जाता है। दीपक जलाते समय भगवान विष्णु और माता तुलसी का ध्यान करें।
दीपक के नीचे रखें आसन: दीपक को सीधे जमीन पर रखने के बजाय उसके नीचे फूलों की पंखुड़ियां, गेहूं या तिल रख सकते हैं। यदि अक्षत का प्रयोग करना चाहें तो अपनी पारिवारिक परंपरा के अनुसार करें।
तुलसी से उचित दूरी पर रखें दीपक: दीपक को तुलसी के गमले के पास किसी साफ और सुरक्षित स्थान पर रखें। ध्यान रहे कि उसकी लौ और गर्मी से पौधे की पत्तियों को नुकसान न पहुंचे।
सूर्यास्त के बाद करें दीपदान: धार्मिक मान्यता के अनुसार, शाम को सूर्यास्त के बाद तुलसी के पास दीपक जलाकर पूजा करना शुभ माना जाता है। इस दौरान माता तुलसी को प्रणाम करें और सुख-समृद्धि की कामना करें।
शाम को तुलसी के पत्ते न तोड़ें: कई धार्मिक परंपराओं में सूर्यास्त के बाद तुलसी के पौधे को छूने, पत्ते तोड़ने और जल चढ़ाने से परहेज किया जाता है। इसलिए शाम को दूर से प्रणाम करके दीपक जलाएं।
नोट: ये सभी बातें धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक रीति-रिवाजों पर आधारित हैं। दीपदान करते समय आग से सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और दीपक को पर्दों, कपड़ों व ज्वलनशील चीजों से दूर रखें।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Ranbir kapoor की 'रामायण' से खुश नहीं महाभारत के कृष्ण! बोले- 'ये राम नहीं हैं', मेकर्स पर उठाए सवाल

