कोहरा और प्रदूषण से बिगड़े हालात, 25 इलाकों में AQI 400 से ज्यादा, बारिश से बढ़ेगी ठंड
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 10:23 AM (IST)
नारी डेस्क: दिल्ली-NCR में मौसम और प्रदूषण ने मिलकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा, स्मॉग और कड़ाके की ठंड छाई हुई है। ठंड के साथ खराब हवा की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विजिबिलिटी घटने से ट्रांसपोर्ट सेवाएं प्रभावित घने कोहरे और प्रदूषण के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। इसका असर हवाई और रेल यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 200 उड़ानें देरी से चल रही हैं, जबकि कई ट्रेनें भी अपने तय समय से काफी देर से पहुंच रही हैं।
एयरपोर्ट पर जारी की गई एडवाइजरी
हालात को देखते हुए IGI एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
दिल्ली की हवा ज़हर बन चुकी है ☠️
— Vishwajeet (@vickyisbond1981) December 28, 2025
19 इलाकों में AQI 400 के पार!
BJP की दिल्ली सरकार सो रही है या देख नहीं रही?
बच्चों-बुज़ुर्गों की सांसों से खिलवाड़ कब तक? 😷🚨 pic.twitter.com/EHAiqPwFwr
ILS-3 सिस्टम लागू
दिल्ली एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी के कारण ILS-3 सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत अगर विजिबिलिटी 50 मीटर से कम होती है तो न तो फ्लाइट लैंड करेगी और न ही टेकऑफ की अनुमति दी जाएगी।
सिविल एविएशन मंत्रालय की चेतावनी
सिविल एविएशन मंत्रालय ने भी मौसम को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय की ओर से कुछ एयरलाइंस के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, ताकि यात्रियों को समय पर जानकारी मिल सके।
दिल्ली में हवा बेहद खराब
दिल्ली-NCR में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक दिल्ली के 25 इलाके रेड जोन में शामिल हैं, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 400 से ज्यादा दर्ज किया गया है।
सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाके
दिल्ली में विवेक विहार, आनंद विहार, रोहिणी, वजीरपुर और नेहरू नगर जैसे इलाकों में AQI 440 से ऊपर दर्ज किया गया। इसके अलावा सोनिया विहार, जहांगीरपुरी, शादीपुर और पटपड़गंज में भी हवा की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

NCR के शहरों की स्थिति
दिल्ली के साथ-साथ NCR के दूसरे शहरों की हवा भी बेहद खराब है। नोएडा का AQI 446, गुरुग्राम का 445 और ग्रेटर नोएडा का AQI 434 रिकॉर्ड किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। मौसम में बदलाव की वजह मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय सक्रिय है और 30 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में असर दिखा सकता है। राजस्थान से चल रही पछुआ हवाओं के कारण दिल्ली का मौसम प्रभावित हो रहा है।
तापमान और आगे का अनुमान
बीते दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले चार दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।बारिश और कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग ने 30 और 31 दिसंबर को घने कोहरे की संभावना जताई है। वहीं नए साल यानी 1 जनवरी 2026 को दिल्ली-NCR में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

