इंस्टेंट कॉफी से दूरी, ताज़ी कॉफी बीन्स अपना रहीं दीपिका कक्कड़, लिवर के लिए बताया बेहतर
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 10:12 AM (IST)
नारी डेस्क: लिवर कैंसर की सर्जरी के बाद दीपिका कक्कड़ अब धीरे-धीरे अपनी नॉर्मल जिंदगी की ओर लौट रही हैं। इस मुश्किल दौर में उनके पति शोएब इब्राहिम हर कदम पर उनका साथ दे रहे हैं। हाल ही में शेयर किए गए एक व्लॉग में शोएब ने बताया कि दीपिका अपनी सेहत को बेहतर बनाने के लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार डाइट और लाइफस्टाइल में कई जरूरी बदलाव कर रही हैं। ऐसे में उन्होंने ऐसा क्या खास बदलाव किया हैं चालिए आपको बताते हैं।
डॉक्टर की सलाह पर बदला कॉफी पीने का तरीका
शोएब ने बताया कि अब वे दोनों ब्लैक कॉफी एक खास तरीके से बना कर पी रहे हैं। डॉक्टर ने उन्हें इंस्टेंट कॉफी पीने से मना किया है और कहा है कि ताज़ा कॉफी ज्यादा फायदेमंद होती है, खासकर लिवर की सेहत के लिए। यही वजह है कि उन्होंने अपने कॉफी पीने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है।

इंस्टेंट कॉफी क्यों नहीं है बेहतर
आमतौर पर लोग जो कॉफी बाजार से पैकेट या बोतल में खरीदते हैं, वह इंस्टेंट कॉफी होती है। डॉक्टर के मुताबिक, इसका असर बहुत कम होता है या कई बार ना के बराबर। इसलिए अगर आप कॉफी से हेल्थ बेनिफिट लेना चाहते हैं, तो इंस्टेंट कॉफी पर निर्भर रहना सही नहीं माना जाता।
ताज़ी कॉफी बीन्स पीसकर बनाने की सलाह
डॉक्टर ने साफ तौर पर सलाह दी है कि कॉफी बीन्स को खुद पीसकर ही कॉफी बनाई जाए। शोएब ने बताया कि वे अब कॉफी बीन्स लाकर घर पर ही उन्हें ग्राइंड करते हैं और फिर कॉफी मेकर की मदद से ब्लैक कॉफी तैयार करते हैं। ताज़ा बनी कॉफी शरीर के लिए ज्यादा असरदार मानी जाती है और लिवर को भी बेहतर सपोर्ट देती है।
ये भी पढ़ें: बिना वजह मूड खराब रहता है? ये ज़रूरी विटामिन्स हो सकते हैं वजह
इंस्टेंट कॉफी में ज्यादा हानिकारक तत्व
कुछ रिसर्च में यह भी सामने आया है कि इंस्टेंट कॉफी में एक्रिलामाइड नाम का तत्व ज्यादा मात्रा में पाया जाता है। यह कंपाउंड शरीर के लिए नुकसानदायक माना जाता है और लंबे समय में नर्वस सिस्टम पर असर डाल सकता है। हालांकि सीमित मात्रा में इसका सेवन बहुत खतरनाक नहीं होता, लेकिन फिर भी ताज़ी कॉफी बेहतर विकल्प मानी जाती है।

मिलावटी कॉफी का भी रहता है खतरा
खुले में मिलने वाली या सस्ती इंस्टेंट कॉफी में मिलावट का खतरा भी रहता है। कई बार नकली प्रोडक्ट्स में आर्टिफिशियल कलर, केमिकल और प्रिजर्वेटिव्स मिलाए जाते हैं, जो लिवर और शरीर के दूसरे अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए क्वालिटी का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
लिवर के लिए क्यों फायदेमंद है ब्लैक कॉफी
कई शोध बताते हैं कि दिन में 2 या उससे ज्यादा कप ब्लैक कॉफी पीने से लिवर को फायदा मिल सकता है। यह लिवर की बीमारियों के खतरे को कम करने, एंटीऑक्सीडेंट्स देने और लिवर एंजाइम्स को बेहतर करने में मदद करती है। लेकिन ध्यान रखने वाली बात यह है कि ये फायदे केवल बिना दूध और चीनी वाली ब्लैक कॉफी में ही देखे गए हैं।

दीपिका ने कैसे घटाया वजन
सिर्फ कॉफी ही नहीं, दीपिका ने अपनी पूरी लाइफस्टाइल पर ध्यान दिया है। उन्होंने पिछले एक महीने में लगभग 2 किलो वजन कम किया है। इसके लिए उन्होंने स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो की, इंटरमिटेंट फास्टिंग अपनाई और रोजाना वॉकिंग शुरू की। आगे वे स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी शुरू करने की योजना बना रही हैं।एक्सपर्ट की सलाह है सबसे जरूरी दीपिका ने खुद भी इस बात पर जोर दिया है कि किसी भी बीमारी के बाद अपने मन से कुछ भी ट्राई करने के बजाय डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि वजन कम करने के लिए उन्होंने मीठा, चीनी, मैदा और बेकरी प्रोडक्ट्स को पूरी तरह से छोड़ दिया है।

