सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल बदमाश गिरफ्तार, एक्ट्रेस दिशा पाटनी से भी है उसका कनेक्शन
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 07:03 PM (IST)
नारी डेस्क: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या सहित कई बड़े आपराधिक मामलों से जुड़े महफूज अली उर्फ बॉबी कबूतर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दिसंबर में दो भाइयों की नृशंस हत्या में कथित संलिप्तता के कारण फरार चल रहे बॉबी कबूतर को पुलिस ने एक गुप्त अभियान के दौरान महिपालपुर से पकड़ा।
बड़े गैंगस्टर के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले बॉबी कबूतर ने न सिर्फ सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में रेकी की थी, बल्कि उसने ही बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी के घर में हुई फायरिंग केस में असलहा मुहैया कराया था। पुलिस के अनुसार बॉबी कबूतर ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी। लगातार कई दिनों तक रेकी करने के बाद उसने यह जानकारी गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग तक पहुंचाई।
पिछले दिसंबर में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो भाइयों की हत्या के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी, जिन्हें 48 गोलियां मारी गई थीं। उसे महिपालपुर में एक महिला साथी और दो अन्य पुरुषों के साथ एक एसयूवी में यात्रा करते समय पकड़ा गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विशेष सूचना पर कारर्वाई करते हुए स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट की टीम ने महिपालपुर के पास जाल बिछाया और आधी रात के करीब बॉबी कबूतर और उसके सहयोगियों को पकड़ लिया। वाहन में सवार व्यक्तियों के पास से हथियार जब्त किए गए और उन पर शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

