चिकन शोरमा बना मुसीबत! खाने के बाद 53 लोग हुए बीमार
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 06:37 PM (IST)
नारी डेस्क : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में चिकन शोरमा खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। एक ही दुकान से शोरमा खाने वाले 53 लोग संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए हैं। इनमें 17 बच्चे और 25 महिलाएं शामिल हैं। एक गर्भवती महिला भी अस्पताल में भर्ती है। मरीजों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी परेशानियां हुईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना ने एक बार फिर स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक ही दुकान से खरीदा था चिकन शोरमा, 53 लोग बीमार
मीडिया रिपोर्ट्स और अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना भिवंडी के वंजार पट्टी नाका इलाके की है। यहां एक सड़क किनारे स्थित दुकान से सोमवार रात कई लोगों ने चिकन शावर्मा खरीदा था। इसे खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते कई परिवारों के सदस्य बीमार पड़ गए। शुरुआत में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या 11 बताई गई थी, जो बाद में बढ़कर 43 हो गई। 25 नवंबर को अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती मरीजों की कुल संख्या 53 तक पहुंच गई। इनमें 11 पुरुष, 25 महिलाएं और 17 बच्चे शामिल हैं। प्रभावित लोगों की उम्र दो साल से लेकर 40 साल तक बताई गई है।

उल्टी, दस्त और पेट दर्द से परेशान हुए मरीज
शोरमा खाने के बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें हुईं। इसके बाद उन्हें भिवंडी के इंदिरा गांधी मेमोरियल (IGM) अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है। इस मामले में एक गर्भवती महिला भी अस्पताल में भर्ती हुई है। मरीजों में एक ही दुकान से खाना खाने वाले कई परिवारों के सदस्य शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 23 परिवारों ने संबंधित दुकान से शोरमा खाने की जानकारी दी है।
यें भी पढ़ें : बड़े ब्रेस्ट वाली महिलाओं में आम हैं ये 4 परेशानियां, जानें कारण
मरीजों ने सुनाई आपबीती, एक दिन बाद बिगड़ी तबीयत
अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने बताया कि उसने सोमवार को शोरमा खाया था, लेकिन अगले दिन उसकी तबीयत बिगड़ गई। मरीज के मुताबिक, वह पूरे दिन बीमार रहा और इतनी कमजोरी महसूस हुई कि खड़ा होना भी मुश्किल हो गया। अस्पताल पहुंचने के बाद उसे पता चला कि कई अन्य लोग भी उसी दुकान से शोरमा खाने के बाद बीमार हुए हैं। एक अन्य मरीज ने बताया कि शोरमा खाने के बाद से लगातार उल्टियां हो रही हैं। वहीं, कुछ परिजनों को अस्पताल पहुंचने के बाद पता चला कि कई दूसरे परिवारों के सदस्य भी इसी तरह की परेशानी से जूझ रहे हैं।

प्रशासन ने की कार्रवाई, स्टॉल को हटाया
घटना सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कार्रवाई की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संबंधित अवैध स्टॉल को नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश की जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के उल्टी और मल के नमूने जांच के लिए भेजे हैं, ताकि संक्रमण के संभावित कारण का पता लगाया जा सके। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भी मामले की जांच की है। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है और यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बीमारी की असल वजह क्या थी।
यें भी पढ़ें : सीने में दर्द ही नहीं, ये लक्षण भी देते हैं दिल की धमनियों में ब्लॉकेज के संकेत
स्ट्रीट फूड खाते समय इन बातों का रखें ध्यान
भिवंडी की यह घटना बताती है कि बाहर का खाना खाते समय साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा का ध्यान रखना कितना जरूरी है।
खासकर चिकन जैसे नॉनवेज फूड को सही तापमान पर पकाना और सुरक्षित तरीके से स्टोर करना जरूरी होता है।
हमेशा साफ-सुथरी जगह से ही खाना खरीदें।
चिकन पूरी तरह पका हुआ होना चाहिए।
लंबे समय तक खुले में रखे खाने से बचें।
खाने की सामग्री और उसे बनाने वाले बर्तनों की साफ-सफाई पर ध्यान दें।
खाने के बाद उल्टी, दस्त या तेज पेट दर्द होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।

