असम में बाढ़ से तबाही, अब तक 23 लोगों की मौत, हजारों परिवारों की राख हुई खुशियां
punjabkesari.in Sunday, Jun 08, 2025 - 10:38 AM (IST)

नारी डेस्क: असम में बाढ़ की स्थिति में थोड़ी राहत मिली है, लेकिन हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। राज्य के 12 जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या घटकर लगभग 3.37 लाख रह गई है। हालांकि, बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के एक आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया है कि इस वक्त राज्य के 41 क्षेत्रों में बाढ़ का प्रभाव बना हुआ है। कुल मिलाकर 12 जिलों के 999 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा नुकसान श्रीभूमि जिले में हुआ है, जहां करीब 1.93 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके बाद हैलाकांडी जिले में 73,724 और कछार जिले में 56,398 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
मौतों का आंकड़ा बढ़ा
कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से दो और लोगों की मौत हुई है, जिससे इस साल बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।
स्थिति पर नजर
राज्य के 16 जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या पहले 4.43 लाख से ज्यादा थी, जो अब 3.37 लाख रह गई है। करीब 36,000 से ज्यादा लोग 133 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। इसके अलावा 68 राहत वितरण केंद्र भी चल रहे हैं।
ये भी पढे़ं: ‘हिमानी मर्डर केस: सिर्फ डेढ़ लाख रुपये के लिए हुई कांग्रेस नेत्री की हत्या, चार्जशीट में हुआ बड़ा खुलासा
ब्रह्मपुत्र नदी समेत कई नदियों में जलस्तर घट रहा है, लेकिन अभी भी कुछ नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इनमें धुबरी, धर्मतुल के कोपिली, बीपी घाट के बराक और श्रीभूमि के कुशियारा शामिल हैं।
फसलों को भी नुकसान
अधिकारियों ने बताया कि इस बाढ़ से लगभग 12,659 हेक्टेयर फसल भूमि जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के बोकाखाट क्षेत्र में बाढ़ के कारण एक वन शिविर जलमग्न हो गया। इस दौरान पांच जानवरों की मौत हुई, लेकिन 29 अन्य जानवरों को सुरक्षित बचा लिया गया।
असम में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, लाखों लोग प्रभावित हैं और अब तक 23 लोगों की जान गई है। राहत कार्य जारी हैं, लेकिन हालात अभी पूरी तरह सुधरे नहीं हैं।