अपनी पहचान साबित करने के लिए Male डॉक्टरों के सामने उतारने पड़े कपड़े, Anaya Bangar ने बयां किया दर्द

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 06:43 PM (IST)

नारी डेस्क : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनाया बांगड़ अपनी जेंडर ट्रांजिशन जर्नी को लेकर अक्सर खुलकर बात करती हैं। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो के जरिए उस कठिन दौर को साझा किया, जिससे उन्हें अपनी कानूनी जेंडर पहचान दर्ज कराने की प्रक्रिया के दौरान गुजरना पड़ा। अनाया ने बताया कि आधिकारिक दस्तावेजों में अपनी पहचान अपडेट कराने के लिए उन्हें मेडिकल बोर्ड के सामने शारीरिक जांच करानी पड़ी, जिसे उन्होंने भावनात्मक रूप से बेहद कठिन और असहज अनुभव बताया।

थाईलैंड में करवाई जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी

अनाया ने बताया कि कुछ महीने पहले वह थाईलैंड गई थीं, जहां उन्होंने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी करवाई। उनके अनुसार यह सफर शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में उनके पिता संजय बांगड़ हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे और लगातार उनका हौसला बढ़ाते रहे।

PunjabKesari

कानूनी पहचान के लिए पूरी करनी पड़ी मेडिकल प्रक्रिया

अनाया ने बताया कि सर्जरी के बाद आधिकारिक दस्तावेजों में अपनी जेंडर पहचान अपडेट कराने के लिए उन्हें कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इसके तहत उन्हें एक सरकारी अस्पताल के मेडिकल बोर्ड के सामने पेश होना पड़ा, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी शारीरिक जांच की। उनके मुताबिक, जांच के दौरान उन्हें कपड़े उतारने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि उस समय कमरे में कई डॉक्टर मौजूद थे, जिनमें पुरुष डॉक्टर भी शामिल थे। अनाया ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद असहज और भावनात्मक रूप से परेशान करने वाला था।

यें भी पढ़ें : लिवर कैंसर के इलाज के बीच Dipika Kakar को हुई नई बीमारी, अस्पताल में हुुई भर्ती

मेडिकल जांच के दौरान हुईं भावुक

अनाया ने बताया कि मेडिकल प्रक्रिया के तहत उनका गायनेकोलॉजिकल एग्जामिनेशन (Gynecological Examination) भी किया गया। उन्होंने कहा कि उस पूरे समय उनके मन में यही सवाल उठता रहा कि अपनी वास्तविक पहचान साबित करने के लिए उन्हें इस तरह की जांच क्यों करानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी दस्तावेजों में अपनी पहचान दर्ज कराने के लिए इस तरह की प्रक्रिया से गुजरना उनके लिए मानसिक रूप से बेहद कठिन था। उस दौरान उन्हें अपनी निजता प्रभावित होती महसूस हुई और वह खुद को असुरक्षित एवं लाचार महसूस कर रही थीं।

PunjabKesari

सोशल मीडिया पर साझा किया अपना अनुभव

अपने वीडियो के साथ अनाया ने लिखा कि उन्होंने यह अनुभव इसलिए साझा किया क्योंकि बहुत से लोग नहीं जानते कि कानूनी जेंडर पहचान अपडेट कराने की प्रक्रिया में किन-किन औपचारिकताओं से गुजरना पड़ सकता है। उन्होंने लिखा कि उनका उद्देश्य किसी से सहमति या असहमति जताना नहीं, बल्कि अपने अनुभव को साझा करना है ताकि लोग समझ सकें कि कानून और प्रशासनिक प्रक्रियाएं वास्तविक लोगों के जीवन को किस तरह प्रभावित करती हैं।

यें भी पढ़ें : 38 की उम्र में कपिल शर्मा की ऑनस्क्रीन पत्नी की हुई Endometriosis सर्जरी

गरिमा और निजता पर शुरू हो बातचीत

अनाया ने उम्मीद जताई कि उनकी कहानी से ट्रांसजेंडर समुदाय के सामने आने वाली चुनौतियों, गरिमा, निजता और कानूनी पहचान से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशील और सार्थक चर्चा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कैमरे के सामने इस विषय पर खुलकर बात करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्हें लगा कि अपने अनुभव साझा करना जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static