कल से रिलायंस इंडस्ट्रीज की कमान संभालेंगे अनंत, मुकेश अंबानी ने छोटे बेटे को दी बड़ी जिम्मेदारी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 30, 2025 - 02:19 PM (IST)

नारी डेस्क: मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी 1 मई यानी कि कल बड़ी जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अनंत अंबानी को पांच साल के लिए कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया है। यह कदम भारत के सबसे बड़े समूह में अंबानी की उत्तराधिकार योजना के हिस्से के रूप में उठाया गया है।इस नई भूमिका से पहले अनंत अंबानी रिलायंस के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत थे।
अनंत अंबानी जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस रिटेल वेंचर्स, रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी जैसी कई रिलायंस समूह की कंपनियों के बोर्ड का हिस्सा हैं। वह 2022 से रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड मेंबर भी रहे हैं। उन्होंने वनतारा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा पशु बचाव और पुनर्वास केंद्र माना जाता है।बोर्ड ने अगस्त 2023 में अनंत के साथ-साथ ईशा और आकाश अंबानी को कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशकों के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी थी और शेयरधारकों ने अक्टूबर 2023 में इनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी।
जहां आकाश ग्रुप की दूरसंचार और डिजिटल सेवा शाखा, रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन भी हैं। वहीं, ईशा ग्रुप की रिटेल शाखा रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक हैं। सबसे पहले आकाश को रिलायंस इंडस्ट्री में कार्यकारी निदेशक की भूमिका मिली थी। मुकेश अंबानी ने 2023 में सार्वजनिक रूप से कहा था कि उनके तीनों बच्चे आकाश, ईशा और अनंत कंपनी के अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।
अनंत अपनी माँ नीता अंबानी के साथ मिलकर रिलायंस फाउंडेशन की सामाजिक गतिविधियों में भी रुचि रखते हैं, खासतौर पर पशु सेवा और पर्यावरण से जुड़े कार्यों में। वह पशु प्रेमी हैं और गोसेवा जैसे कार्यों में भी भाग लेते हैं। उन्होंने अमेरिका के Brown University से अपनी शिक्षा प्राप्त की है, जो दुनिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज़ में से एक है। अनंत धार्मिक प्रवृत्ति के हैं और कई बार धार्मिक स्थलों पर देखे जाते हैं।