आरती सिंह गोद लेंगी बच्चा! खुलकर बोलीं.. ‘ बायोलॉजिकल क्लॉक' के कारण मुश्किल प्रेग्नेंसी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 03:43 PM (IST)
नारी डेस्क: टीवी एक्ट्रेस आरती सिंह ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी में बचपन से ही कई उतार-चढ़ाव रहे हैं और अब वह मां बनने को लेकर भी काफी सोच-समझकर फैसला लेना चाहती हैं।बचपन में मां का साया छिन गया आरती ने बताया कि उनका जन्म अप्रैल में हुआ था और जन्म के करीब एक महीने बाद ही उनकी मां का निधन हो गया। इतनी छोटी उम्र में मां को खोना उनके जीवन का सबसे बड़ा दुख था। उन्होंने कहा कि उनकी मां की एक करीबी दोस्त, जिन्हें वह “गीता मां” कहती हैं, ने उन्हें अपने पास रखकर पाला-पोसा। उनके पिता ने भी अपनी अंतिम समय में उन्हें उसी परिवार को सौंप दिया था।
भाई से दूर बीता बचपन
आरती ने यह भी बताया कि वह अपने भाई कृष्णा अभिषेक के साथ नहीं पली-बढ़ीं। वह अलग परिवार में रहकर बड़ी हुईं, लेकिन उन्हें वहां भरपूर प्यार और देखभाल मिली। उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें लगता है कि जो हुआ, वह शायद उनके लिए सही ही था।

मां जैसा रिश्ता देने वाली ‘गीता मां’
आरती ने अपनी गोद ली हुई मां के बारे में बात करते हुए कहा कि उनका रिश्ता सिर्फ देखभाल का नहीं, बल्कि गहरे प्यार और जुड़ाव का है। उनके अनुसार, उनकी असली मां और गीता मां के बीच भी बहुत गहरा रिश्ता था। दोनों इतनी करीबी थीं कि कई बार एक जैसी साड़ी पहनती थीं। वही प्यार और अपनापन उन्हें भी मिला।
ये भी पढ़ें: उधार लिया पैसा तो चुकाना ही पड़ेगा, सौरभ द्विवेदी ने राजपाल यादव का उड़ाया मजाक
प्रेग्नेंसी को लेकर खुलकर की बात
आरती ने बताया कि लोग अक्सर उन्हें उनकी उम्र और “बायोलॉजिकल क्लॉक” की याद दिलाते हैं। लेकिन उनका मानना है कि बच्चा पैदा करना किसी दबाव में नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर वह प्रेग्नेंट हो पाती हैं, तो यह अच्छी बात होगी, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता तो भी वह परेशान नहीं हैं।
पति का सपोर्ट: “हम बच्चा गोद ले लेंगे”
आरती ने अपने पति दीपक चौहान के बारे में बताते हुए कहा कि जब उन्होंने अपनी उम्र और प्रेग्नेंसी को लेकर चिंता जाहिर की, तो उनके पति ने बहुत समझदारी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “दुनिया में बहुत सारे बच्चे हैं जिन्हें घर की जरूरत है, हम बच्चा गोद ले सकते हैं।” यहां तक कि उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनका अपना बच्चा हो जाए, तब भी वे एक बच्चा गोद लेंगे।

शादी और नया सफर
आरती सिंह ने बिजनेसमैन दीपक चौहान से शादी की है। उनकी शादी मंदिर में सादगी से हुई थी, जिसमें उनके मामा गोविंदा भी शामिल हुए थे। आरती सिंह की कहानी सिर्फ एक एक्ट्रेस की नहीं, बल्कि एक मजबूत महिला की है, जिसने जीवन के हर मुश्किल दौर को हिम्मत से पार किया। मां बनने को लेकर उनका नजरिया यह दिखाता है कि प्यार सिर्फ जन्म से नहीं, बल्कि अपनाने से भी मिलता है।

