दिल्ली में मौत के गड्ढे में गिरा Bank Employee, रात भर परिवार करता रहा तलाश सुबह मिली लाश
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 02:14 PM (IST)
नारी डेस्क: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक बैंक के असिस्टेंट मैनेजर मौत हो गई। मृतक के परिवार ने डीजेबी की ओर से लापरवाही का आरोप लगाया है और व्यक्ति की मौत में साजिश की आशंका भी जताई है। दिल्ली सरकार ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।
मोटरसाइकिल समेत गड्ढे में गिरा युवक
दिल्ली सरकार में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने बताया कि जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार की मौत की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में सूचना सुबह करीब सात बजे मिली जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। शव और मोटरसाइकिल गड्ढे के अंदर मिले। मृतक की पहचान कैलाशपुरी निवासी कमल के रूप में हुई है जो एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि डीजेबी के निर्माणस्थल पर यह गड्ढा खोदा गया था और वहां अवरोधक लगाए गए थे।
रात भर परिवार वाले करते रहे जांच
कमल के परिवार के अनुसार, वह बृहस्पतिवार देर रात को रोहिणी स्थित अपने कार्यालय से घर लौट रहा था और लगातार उनके संपर्क में था। हालांकि, जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो उसके रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की और जनकपुरी, सागरपुर, विकास पुरी एवं रोहिणी सहित कई थानों का दौरा किया। परिवार ने बताया कि उन्होंने पूरी रात कमल की तलाश की लेकिन उन्हें सुबह करीब साढ़े सात बजे गड्ढे में उसका शव मिलने की सूचना मिली। कमल के परिजनों ने डीजेबी की ओर से लापरवाही का आरोप लगाया है और यह आशंका भी जताई है कि हो सकता है कि कमल की हत्या करके उसके शव को गड्ढे में फेंक दिया गया हो।
कुछ दिन पहले नोएडा में भी हुई थी ऐसी घटना
पुलिस ने कहा कि परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारी ने कहा- ''हम मामले में जांच कर रहे हैं और घटना की कड़ियों के तार जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।'' यह घटना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) नोएडा के 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के कुछ हफ्तों बाद हुई है। नोएडा सेक्टर 150 में एक निर्माण स्थल के पास 16 और 17 जनवरी की दरम्यानी रात को मेहता की कार के पानी से भरे गड्ढे में गिरने के बाद उनकी डूबने से मौत हो गई थी।

