आंखों के ये बदलाव बताते हैं इन 7 बीमारियों के संकेत
punjabkesari.in Thursday, Jan 01, 2026 - 01:42 PM (IST)
नारी डेस्क : आंखें सिर्फ हमें बाहरी दुनिया दिखाने का काम नहीं करतीं, बल्कि ये हमारे शरीर के अंदर चल रही सेहत की स्थिति का भी संकेत देती हैं। कई बार शरीर में मौजूद गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षण आंखों में साफ नजर आने लगते हैं। आंखों से पानी आना, सूजन, दर्द, खुजली, जरूरत से ज्यादा कीचड़ जमना या धुंधला दिखना। ये सभी किसी न किसी स्वास्थ्य समस्या के वॉर्निंग साइन हो सकते हैं। ऐसे में समय रहते इन संकेतों को पहचानना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं आंखों में दिखने वाले 7 ऐसे लक्षण, जो गंभीर बीमारियों की ओर इशारा करते हैं।
धुंधला नजर आना
अगर बार-बार धुंधला दिखने लगे तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है। लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ा रहने से आंखों की छोटी रक्त नलिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे डायबिटिक रेटिनोपैथी (Retinopathy) की समस्या हो सकती है और धीरे-धीरे नजर कमजोर होने लगती है।

आंखों में ज्यादा कीचड़ आना
सुबह उठने पर हल्का कीचड़ सामान्य है, लेकिन अगर दिनभर आंखों में बार-बार और ज्यादा कीचड़ जम रहा है तो यह कंजंक्टिवाइटिस (Conjunctivitis), एलर्जी या बैक्टीरियल संक्रमण का संकेत हो सकता है।
यें भी पढ़ें : Happy New Year 2026: जानें 1 जनवरी को ही क्यों मनाया जाता है नया साल
आंखों में पीलापन
आंखों का पीला पड़ना अक्सर लिवर से जुड़ी बीमारी की ओर इशारा करता है। जब लिवर बिलिरुबिन को सही तरीके से फिल्टर नहीं कर पाता, तो यह खून में बढ़ जाता है और आंखों में पीलापन दिखाई देने लगता है। यह हेपेटाइटिस, ज्यादा शराब पीने या संक्रमण के कारण भी हो सकता है।
कोर्निया (Cornea) के चारों ओर सफेद या भूरे रंग का घेरा
अगर आंखों के काले हिस्से (कोर्निया) के चारों ओर सफेद या भूरे रंग की रिंग नजर आए, तो यह आंखों में फैट जमा होने का संकेत हो सकता है। 40 साल की उम्र के बाद यह सामान्य है, लेकिन कम उम्र में ऐसा दिखना हाई कोलेस्ट्रॉल (High cholesterol) का लक्षण हो सकता है।

आंखों में सूजन या पानी आना
आंखों में सूजन होने के पीछे एलर्जी, कंजंक्टिवाइटिस, साइनस, नींद की कमी, ज्यादा रोना, थायराइड या किडनी से जुड़ी समस्या हो सकती है। वहीं लगातार आंखों से पानी आना वायरल इंफेक्शन, एलर्जी या आंसू नलिका के ब्लॉक होने की वजह से होता है।
आंखों में खुजली होना
आंखों में खुजली अक्सर एलर्जी, ड्राई आई सिंड्रोम, कंजंक्टिवाइटिस, ब्लेफेराइटिस या आंख में बाल चले जाने की वजह से होती है। लंबे समय तक कॉन्टैक्ट लेंस पहनने से भी जलन और खुजली की समस्या हो सकती है।
यें भी पढ़ें : दूध पतला करने के लिए मिलाया पानी बना ज़हर, 10 साल की मन्नतों के बाद मिले बेटे की हुई मौत
आंखों में दर्द होना
आंखों में दर्द की वजह आंखों का सूखना, एलर्जी, संक्रमण, साइनस, सिरदर्द या माइग्रेन हो सकता है। इसके अलावा मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन का ज्यादा इस्तेमाल भी आंखों में दर्द पैदा करता है। कुछ मामलों में ग्लूकोमा, आइरिटिस या ऑप्टिक न्यूरिटिस जैसी गंभीर बीमारियां भी इसका कारण बन सकती हैं।

कब डॉक्टर से संपर्क करें?
अगर आंखों में ऊपर बताए गए लक्षण लगातार बने रहें या बढ़ते जाएं, तो तुरंत डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। समय रहते वॉर्निंग साइन पहचान लेने से बड़ी बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

