40 की उम्र पार करते ही तुरंत छोड़ दें ये 5 आदतें, वरना सेहत पर पड़ सकता है असर
punjabkesari.in Thursday, Dec 04, 2025 - 05:49 PM (IST)
नारी डेस्क : यह सच है कि उम्र बढ़ना प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन 40 के बाद शरीर की क्षमता पहले जैसी नहीं रहती। मेटाबॉलिज़्म धीमा होने लगता है, हार्मोन बदलते हैं और दिल, डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल और हड्डियों से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर लाइफस्टाइल का ध्यान न रखा जाए, तो छोटी-सी गलती भी बड़ी बीमारी का कारण बन सकती है। डॉक्टरों के अनुसार, डॉक्टरों के अनुसार, यदि आप 40+ हैं तो ये 5 आदतें तुरंत छोड़ देना ही आपकी सेहत के लिए सबसे बड़ा निवेश है।
कम नींद लेना (दिमाग और दिल दोनों पर भारी)
40 साल की उम्र के बाद कम नींद लेना शरीर के लिए सबसे जोखिम भरी आदतों में से एक है। इस उम्र में रोज़ाना 7 से 9 घंटे की पूरी नींद न लेना दिमाग को तेजी से बूढ़ा करता है और स्ट्रोक का खतरा बढ़ा देता है। लगातार नींद की कमी से याददाश्त कमजोर होने लगती है, ध्यान कम हो जाता है और इम्यून सिस्टम भी धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगता है, जिससे बीमारियां जल्दी पकड़ लेती हैं। नींद सीधे आपकी ऊर्जा, मानसिक स्वास्थ्य, मूड और लंबे जीवन से जुड़ी होती है, इसलिए 40 के बाद इसे हल्के में लेना आपके दिमाग और दिल दोनों पर भारी पड़ सकता है।

स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को नज़रअंदाज करना (मांसपेशियां तेजी से कम होती हैं )
40 साल की उम्र के बाद स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को नज़रअंदाज करना शरीर के लिए बड़ी गलती साबित हो सकता है, क्योंकि इस उम्र के बाद हर दशक में मांसपेशियों का 3–5% हिस्सा स्वाभाविक रूप से कम होने लगता है। अगर आप एक्सरसाइज नहीं करते, तो मेटाबॉलिज़्म धीमा पड़ जाता है, वजन तेजी से बढ़ने लगता है और हड्डियां भी कमजोर होने लगती हैं, जिससे चोट लगने का जोखिम बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, हफ्ते में कम से कम दो दिन वेट ट्रेनिंग करना बेहद जरूरी है। इससे न केवल मांसपेशियां मजबूत रहती हैं, बल्कि दिल की सेहत भी बेहतर होती है और शरीर लंबे समय तक एक्टिव बना रहता है।
यें भी पढ़ें: बच्चे को जन्म देने से क्या घट जाती है मां की उम्र? रिसर्च में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
प्रोसेस्ड फूड खाना (40 के बाद सबसे बड़ा दुश्मन)
प्रोसेस्ड फूड का ज़्यादा सेवन 40 के बाद शरीर का सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है। इस उम्र में चिप्स, केक, पेस्ट्री, कुकीज़, सोडा जैसी चीज़ें शरीर पर सीधा नेगेटिव असर डालती हैं। इनके कारण वजन तेजी से बढ़ता है, ब्लड शुगर अस्थिर हो जाता है और शरीर में इंफ्लेमेशन बढ़ने लगता है। इतना ही नहीं, इन आदतों से दिल की बीमारी का खतरा भी लगभग दोगुना हो जाता है। इसलिए 40+ उम्र में “रियल फूड” यानी प्राकृतिक और कम प्रोसेस्ड चीज़ें ही आपकी असली दवा साबित होती हैं।

हेल्थ चेकअप न कराना (बीमारी का इंतजार करना खतरनाक)
40 की उम्र पार करते ही नियमित हेल्थ चेकअप कराना बेहद ज़रूरी हो जाता है, लेकिन कई लोग तब भी टेस्ट करवाने में लापरवाही करते हैं। यह आदत खतरनाक साबित हो सकती है, क्योंकि समय पर हुई जांचें कई गंभीर बीमारियों को शुरुआत में ही पकड़ लेती हैं। ब्लड टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल, थायरॉयड, ब्लड प्रेशर और HbA1c जैसे टेस्ट आपकी हेल्थ का पूरा ब्लूप्रिंट देते हैं। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर किए गए ये चेकअप हार्ट-रिलेटेड मौतों का खतरा करीब 20% तक कम कर सकते हैं। इसलिए बीमारी का इंतजार न करें। प्रीवेंटिव हेल्थ चेकअप को अपनी रूटीन का हिस्सा बनाएं।
यें भी पढ़ें : ठंड में जरूर खाएं ये मीठी सब्जी, पेट रहेगा साफ और वजन होगा कंट्रोल
तनाव को नजरअंदाज करना (शरीर की उम्र तेजी से बढ़ती है)
लगातार तनाव को नजरअंदाज करना 40 के बाद सबसे नुकसानदायक आदतों में से एक है, क्योंकि तनाव बढ़ने पर शरीर में कोर्टिसोल का स्तर लगातार हाई रहता है। इसका असर पूरे शरीर पर दिखने लगता है। ब्लड प्रेशर बढ़ता है, डायबिटीज का जोखिम बढ़ जाता है, नींद खराब होने लगती है और याददाश्त कमजोर होने लगती है। लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव टेलोमीयर को छोटा कर देता है, जिससे शरीर में एजिंग प्रोसेस तेज हो जाती है और इंसान समय से पहले बूढ़ा दिखने लगता है। इसलिए तनाव को हल्के में न लें और उसे मैनेज करना सीखें। यही स्वस्थ बढ़ती उम्र की कुंजी है।

40 के बाद क्या करें?
समय पर सोएं।
स्ट्रेंथ + वॉक = परफेक्ट रुटीन।
प्रोसेस्ड फूड छोड़ें, रियल फूड खाएं।
साल में एक बार हेल्थ चेकअप करवाएं।
स्क्रीन टाइम कम करें।
माइंडफुलनेस या मेडिटेशन अपनाएं।
डॉक्टरों के अनुसार 40 के बाद आपका शरीर वही वापस करता है, जो आप उसे देते हैं। इसलिए अच्छी नींद, सही खाना, व्यायाम और कम तनाव यही लंबी और हेल्दी लाइफ के रहस्य हैं।

