तांबे के काले बर्तनों को साफ करने के 5 आसान टिप्स, जिद्दी दाग भी होंगे गायब

punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 01:25 PM (IST)

नारी डेस्क : तांबे के बर्तन देखने में बेहद खूबसूरत और पारंपरिक लगते हैं। इन्हें पीतल और कांसे की तरह शुभ भी माना जाता है। लेकिन समय के साथ तांबे के बर्तन काले पड़ने लगते हैं, जिनकी चमक वापस लाना आसान नहीं लगता। बाजार में कई तरह के केमिकल क्लीनर मौजूद हैं, लेकिन घरेलू उपाय न सिर्फ सुरक्षित हैं बल्कि बर्तनों की उम्र भी बढ़ाते हैं। आइए जानते हैं तांबे के काले बर्तनों को साफ करने के असरदार तरीके।

1. नींबू और नमक से सफाई

तांबे के बर्तनों की चमक वापस लाने का सबसे आसान और असरदार तरीका नींबू और नमक है। इसके लिए एक नींबू को बीच से काटकर उस पर थोड़ा नमक छिड़क दें और बर्तन की काली पड़ी सतह पर हल्के हाथों से रगड़ें। नींबू का रस और नमक मिलकर तांबे की सतह से कालेपन को साफ कर देते हैं। कुछ देर रगड़ने के बाद बर्तन को गुनगुने पानी से धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें, जिससे वह नई तरह चमक उठेगा।

PunjabKesari

2. सिरका और नमक का उपयोग

सिरका भी तांबे के बर्तनों को साफ करने का बेहतरीन उपाय है। एक कटोरी में सिरका लेकर उसमें थोड़ा नमक डालें और किसी कपड़े या ब्रश की मदद से इसे बर्तन की सतह पर अच्छी तरह रगड़ें। यह मिश्रण बर्तन से दाग-धब्बे और जमी हुई परत को आसानी से हटा देता है। कुछ ही मिनटों में बर्तन चमकने लगता है। बाद में इसे पानी से धोकर सूखा लें।

3. टमाटर का गूदा

अगर आप आसान और नेचुरल तरीका चाहते हैं तो टमाटर का गूदा भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए टमाटर को काटकर उसका गूदा निकाल लें और तांबे के बर्तन पर अच्छी तरह लगाएं। लगभग 10–15 मिनट तक इसे लगा रहने दें और फिर हल्के हाथ से रगड़कर धो लें। टमाटर की प्राकृतिक खटास (एसिडिटी) कालेपन को हटाकर बर्तनों की चमक लौटा देती है।

4. बेकिंग सोडा और नींबू

बेकिंग सोडा और नींबू का मिश्रण भी तांबे की सफाई के लिए बेहद कारगर है। नींबू के रस में थोड़ा बेकिंग सोडा डालकर पेस्ट बना लें और इसे बर्तन पर लगाएं। कपड़े या ब्रश की मदद से हल्के हाथों से रगड़ें। इसके बाद पानी से धोकर पोंछ लें। यह तरीका जिद्दी दाग-धब्बों को भी हटाने में मदद करता है।

5. मैदा और सिरका पॉलिश

अगर आप तांबे के बर्तनों को चमकाने के साथ पॉलिश करना चाहते हैं तो मैदा, नमक और सिरका मिलाकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को बर्तन पर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। फिर कपड़े से रगड़ें और पानी से धो लें। इससे बर्तन नई तरह चमकने लगता है और लंबे समय तक उसकी सुंदरता बनी रहती है।

PunjabKesari

तांबे के बर्तनों को लंबे समय तक चमकदार रखने के उपाय

बर्तन धोने के बाद हमेशा उसे सूखा कपड़ा लगाकर पोंछें।

बर्तन में पानी लंबे समय तक न रखें।

कठोर ब्रश या स्टील वूल का इस्तेमाल न करें, इससे सतह खराब हो सकती है।

समय-समय पर नींबू और नमक से हल्की सफाई करते रहें।

तांबे के बर्तन पारंपरिक खूबसूरती और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद हैं। अगर आप ऊपर बताए घरेलू नुस्खों को अपनाते हैं तो आपके तांबे के बर्तन हमेशा चमकदार और नए जैसे दिखेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vandana

Related News

static