इन 4 गलतियों की वजह से कढ़ी में पड़ती हैं गांठें, दादी-नानी के इस नुस्खे से बनेगी परफेक्ट कढ़ी
punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 05:29 PM (IST)

नारी डेस्क: कढ़ी भारतीय रसोई का एक बहुत ही स्वादिष्ट और पसंदीदा व्यंजन है। यह एक पारंपरिक डिश है जो उत्तर भारत से लेकर गुजरात और राजस्थान तक बड़ी चाव से खाई जाती है। सब्जी और दाल से अलग इसका स्वाद इसे खास बनाता है। गर्मियों में कढ़ी की ठंडी तासीर शरीर को ठंडक पहुंचाती है, जबकि सर्दियों में मसालेदार कढ़ी शरीर को गर्माहट देती है। कढ़ी बनाते समय अक्सर लोगों को समस्या होती है कि बेसन की गांठें पड़ जाती हैं। इससे कढ़ी का स्वाद और बनावट खराब हो जाती है। अगर आप पहली बार कढ़ी बना रही हैं तो दादी-नानी के नुस्खे जान लेना जरूरी है, ताकि आपकी कढ़ी बिना किसी गांठ के एकदम परफेक्ट बने और खाने वाले उसकी तारीफ करते हुए उंगली चाटें।
बेसन और दही का सही अनुपात
अक्सर कढ़ी में बेसन और दही के अनुपात को सही नहीं समझा जाता। इससे बैटर या तो बहुत पतला हो जाता है या बहुत गाढ़ा। इससे गांठें बनने लगती हैं। एक कप दही के लिए 2-3 बड़े चम्मच बेसन पर्याप्त होते हैं। सबसे पहले बेसन को सूखे दही में अच्छी तरह फेंट लें ताकि कोई गांठ न रहे। इसके बाद धीरे-धीरे पानी मिलाएं।
गरम दही या बेसन में सीधे पानी न मिलाएं
जब बेसन को सीधे गरम दही या पानी में डालते हैं, तो यह तुरंत पकने लगता है और गांठें बनने लगती हैं। इन्हें तोड़ना मुश्किल होता है। इसलिए बेसन-दही का घोल हमेशा ठंडे पानी में बनाएं। कांटा या व्हिस्क से इसे तब तक फेंटें जब तक घोल बिलकुल चिकना न हो जाए और कोई गांठ न बची हो। चाहें तो इसे छान भी सकते हैं।
कढ़ी बनाते समय लगातार हिलाएं
कढ़ी को उबालते वक्त शुरुआत में लगातार हिलाना बहुत जरूरी है। ऐसा न करने से बेसन नीचे चिपक जाता है और गांठें बन जाती हैं। जब आप कढ़ी को धीमी आंच पर पकाएं तो इसे बराबर हिलाते रहें। इससे बेसन समान रूप से पकता है और गांठें नहीं पड़तीं। कढ़ी के उबलने के बाद हिलाना कम कर सकते हैं।
ये भी पढ़े: उबालते वक्त अक्सर निकल जाता है दूध, ये तरीके आजमाए तो कभी नहीं होगी दिक्कत
सही आंच पर कढ़ी पकाएं
कढ़ी पकाने में गलत आंच का इस्तेमाल भी गांठों का कारण बनता है। कई बार लोग शुरुआत में बहुत धीमी आंच पर पकाते हैं, जिससे बेसन नीचे बैठ जाता है। बाद में जब आंच तेज करते हैं तो बेसन पककर गांठें बनाता है। सही तरीका यह है कि शुरुआत में मीडियम से तेज आंच पर लगातार हिलाते हुए पकाएं। जब कढ़ी उबल जाए, तो आंच धीमी कर धीरे-धीरे पकाएं। इससे कढ़ी का स्वाद भी बेहतर होता है।
कढ़ी में तड़का लगाना न भूलें
कढ़ी में उबाल आने के बाद आप ऊपर से तड़का लगा सकते हैं। तड़के में हींग, जीरा, लाल मिर्च और मेथी दाना होते हैं, जो कढ़ी का स्वाद दोगुना कर देते हैं। साथ ही, बेसन की खुशबू हटाने के लिए अदरक कद्दूकस करके डाल सकते हैं।
गांठें पड़ जाएं तो क्या करें?
अगर कढ़ी में गलती से गांठें पड़ जाएं, तो घबराएं नहीं। हैंड ब्लेंडर से कढ़ी को अच्छी तरह चलाएं, इससे गांठें दूर हो जाएंगी और कढ़ी स्मूद बन जाएगी।
बेसन और दही का सही अनुपात, ठंडे पानी में घोल बनाना, सही आंच और लगातार हिलाना कढ़ी को बिना गांठ वाला और परफेक्ट बनाते हैं। तड़का लगाने से इसका स्वाद और भी निखर जाता है। इन आसान नुस्खों को अपनाकर आप अपने परिवार और दोस्तों के लिए स्वादिष्ट कढ़ी बना सकती हैं।