बाहर बैठे बुजुर्ग के पास गिरी पूरी बिल्डिंग, दिल दहला देगा दिल्ली पीजी हादसे का CCTV फुटेज
punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 10:58 AM (IST)
नारी डेस्क: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है और मलबे से कुल 11 लोगों को निकाला गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के रूप में किया जा रहा था। इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी रविवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे यह ढह गई। इसी बीच घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
LIVE CCTV FOOTAGE |
— Payall Singhh (@PayallSingh13) September 7, 2026
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा,
कैमरे में कैद हुआ वो खौफनाक पल… देखते ही देखते भरभराकर गिरी बिल्डिंग और पूरे इलाके में छा गया धूल का गुबार।
रेस्क्यू ऑपरेशन में 11 लोग बाहर निकाले गए, लेकिन 6 लोगों की मौत हो चुकी है।#Delhi #SatyaNiketan #BuildingCollapse pic.twitter.com/qHnp8v6k4O
फुटेज में देखा गया कि इमारत के ढहने के दौरान एक दुकानदार बाल-बाल बच गया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि इमारत गिरने से कुछ पल पहले एक आदमी अपनी दुकान के बाहर बैठा है, जैसे ही इमारत अचानक ढह गई और धूल के गुबार ने इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, वह आदमी अपनी दुकान से निकलकर जान बचाने के लिए भागता हुआ दिखाई दिया। महज कुछ ही सेकेंड बाद पूरी की पूरी बिल्डिंग भरभराकर जमींदोज हो गई और चारों तरफ धूल का गुबार फैल गया।
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने सोमवार को इमारत के मालिक हरिराम को गिरफ्तार करने के लिए गुरुग्राम समेत कई जगहों पर छापेमारी की। वह घर पर नहीं था और किसी सुरक्षित जगह पर छिपा हुआ है। 50 साल पुरानी यह इमारत, जिसमें लड़कों का PG चल रहा था, रविवार को दोपहर करीब 1:30 बजे गिर गई। उस समय ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का काम चल रहा था। पुलिस ने बताया कि इमारत का इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था और गिरने के समय ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था।
दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) समेत कई एजेंसियां रातभर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने कहा- ''रात में एक और व्यक्ति को मलबे से निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।'' उन्होंने बताया कि घटना से कथित तौर पर जुड़े लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने इमारत के मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

