‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम कार्तिक ने गुपचुप की सगाई, फैंस को दिया सरप्राइज

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 04:06 PM (IST)

नारी डेस्क:  ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में कार्तिक के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर मोहसिन खान इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। एक्टर ने अपनी गर्लफ्रेंड तमन्ना के साथ सगाई कर ली है। खास बात यह है कि यह सगाई बेहद प्राइवेट तरीके से हुई और इसकी खबर मोहसिन ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करके फैंस को दी।

सोशल मीडिया पर शेयर की सगाई की तस्वीरें

22 अगस्त को मोहसिन खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सगाई की कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में वह अपनी होने वाली पत्नी तमन्ना के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ मोहसिन ने एक बेहद प्यार भरा और इमोशनल मैसेज भी लिखा। एक्टर ने तमन्ना की तारीफ करते हुए उन्हें खूबसूरत, कॉन्फिडेंट और संवेदनशील बताया। मोहसिन के शब्दों से साफ जाहिर है कि वह इस रिश्ते को लेकर काफी खुश और एक्साइटेड हैं।

PunjabKesari

तमन्ना के लिए मोहसिन ने लिखी दिल की बात

मोहसिन ने अपनी पोस्ट में तमन्ना के बारे में बताते हुए लिखा कि वह हमेशा हंसती-मुस्कुराती हैं, उम्मीदें रखती हैं, दुआएं मांगती हैं और गाना-बजाना पसंद करती हैं। एक्टर ने अपने रिश्ते को लेकर ऐसा एहसास भी जाहिर किया, जैसे दोनों का मिलना पहले से ही किस्मत में लिखा था। मोहसिन की इस पोस्ट ने फैंस का भी ध्यान खींचा। उनके लिए यह सिर्फ सगाई की घोषणा नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी के एक बेहद खास इंसान को दुनिया से मिलवाने का खूबसूरत अंदाज था।

‘वीर-जारा’ के डायलॉग से जाहिर की अपनी भावनाएं

तमन्ना के लिए अपने प्यार का इजहार करते हुए मोहसिन ने उनकी पसंदीदा फिल्म ‘वीर-जारा’ का शाहरुख खान से जुड़ा मशहूर डायलॉग भी शेयर किया। इस डायलॉग के जरिए उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी के लिए हमेशा खुश रहने की दुआ की। मोहसिन का यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आया और सोशल मीडिया पर कपल की तस्वीरों के साथ उनकी लव स्टोरी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।

ये भी पढ़ें: 64 की Actress पूनम ढिल्लों मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती, सामने आया हेल्थ update

कौन हैं मोहसिन खान की मंगेतर तमन्ना

सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर तमन्ना हैं कौन? हालांकि, तमन्ना की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं है। यह भी साफ नहीं है कि वह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हैं या किसी दूसरे प्रोफेशन में काम करती हैं। सोशल मीडिया पर तमन्ना की मौजूदगी जरूर बताई जाती है। उनका इंस्टाग्राम हैंडल @tammerrrrz के नाम से बताया जा रहा है। उनके इंस्टाग्राम बायो में ईश्वर के प्रति आभार जताने वाली लाइन लिखी हुई है।

सगाई में दिखा कपल का स्टाइलिश अंदाज

सगाई की तस्वीरों में तमन्ना बेहद खूबसूरत और एलिगेंट अंदाज में नजर आईं। एक तस्वीर में उन्होंने सुर्ख लाल रंग का सिंपल लेकिन स्टाइलिश गाउन पहना हुआ है। वहीं मोहसिन सफेद शर्ट, रेड टाई और ब्लैक सूट में काफी स्मार्ट नजर आए। एक दूसरी तस्वीर में तमन्ना सफेद गाउन में दिखाई दे रही हैं। तस्वीरों में दोनों की खुशी साफ नजर आ रही है और कपल की बॉन्डिंग भी देखने को मिल रही है।

PunjabKesari

फैंस ने लुटाया जमकर प्यार

मोहसिन ने अपनी पोस्ट में इस रिश्ते को हमेशा साथ रहने की शुरुआत बताया। उन्होंने प्यार, दोस्ती और जिंदगीभर की यादों से भरे सफर की बात करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। मोहसिन की सगाई की खबर सामने आते ही फैंस और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कपल को बधाइयां देनी शुरू कर दीं। अब फैंस को इस खूबसूरत जोड़ी की शादी का इंतजार है और हर किसी की नजर इस बात पर है कि मोहसिन और तमन्ना कब शादी के बंधन में बंधते हैं।

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

static