आपकी जगह जेल में है', राजपाल यादव पर सुप्रीम कोर्ट सख्त; चेक बाउंस मामले में भुगतान का निर्देश
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 10:14 AM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर कानूनी विवाद को लेकर चर्चा में हैं। चेक बाउंस से जुड़े करीब 7.5 करोड़ रुपये के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सुनवाई के दौरान अभिनेता को कड़ी फटकार लगाई। मामला लंबे समय से अदालत में चल रहा है और राजपाल यादव को पहले भी बकाया रकम जमा करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने इस बात पर नाराजगी जताई कि अदालत के निर्देश के बावजूद तय रकम जमा नहीं की गई। सुनवाई के दौरान 50 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट की सिर्फ कॉपी पेश किए जाने पर भी कोर्ट ने सवाल उठाया। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ कर रही थी।
'आपकी जगह जेल में है' कहकर कोर्ट ने लगाई फटकार
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव की ओर से कहा गया कि 50 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट बैंक में प्रक्रिया में है। इस पर कोर्ट ने सवाल किया कि इसकी वास्तविकता की पुष्टि कैसे होगी, क्योंकि अदालत के सामने उसकी कॉपी पेश की गई थी। इसी दौरान शिकायतकर्ता की ओर से राजपाल यादव के रवैये पर सवाल उठाया गया। इस पर जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता भले ही उनसे ज्यादा अमीर हों, लेकिन जिस रकम को लेकर वे अदालत पहुंचे हैं, उसके कारण वे खुद को नुकसान में महसूस कर रहे हैं। कोर्ट ने अभिनेता को अदालत के सामने बोलने के तरीके को लेकर भी फटकार लगाई और कहा, “आपकी जगह जेल में है।”

कोर्ट ने तुरंत भुगतान करने को कहा
सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को बकाया भुगतान करने के लिए एक और मौका दिया है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि भुगतान अगले दिन किया जाए और मामले को इसके बाद दोबारा सुनवाई के लिए रखा जाए। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह राजपाल यादव की याचिका खारिज करने की स्थिति में हो सकती है, लेकिन ऐसा करने से शिकायतकर्ता को अपनी बकाया रकम मिलने में मुश्किल हो सकती है। इसलिए अदालत ने फिलहाल भुगतान सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी।
कहां से शुरू हुआ ये पूरा विवाद
यह विवाद करीब 5 करोड़ रुपये की रकम से जुड़ा है, जो राजपाल यादव और उनकी पत्नी को एक फिल्म प्रोजेक्ट के सिलसिले में मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से मिली थी। यह रकम राजपाल यादव की फिल्म 'अता पता लापता' से जुड़े प्रोडक्शन के लिए ली गई थी। फिल्म तय समय पर पूरी नहीं हो सकी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हुए समझौतों और भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले में बाद में चेक जारी किए गए, जिनमें से कई चेक बैंक में जमा होने के बाद बाउंस हो गए। इसके बाद राजपाल यादव और उनकी पत्नी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई।
ये भी पढ़ें: रात में रोज 3 बजे उठकर यूरिन आना क्या Normalहै? जानिए कारण
पहले भी हो चुकी है सजा
इस मामले से जुड़े घटनाक्रम में राजपाल यादव को पहले भी कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। मई 2024 में एक सत्र अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए छह महीने की जेल की सजा सुनाई थी। इसके बाद मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा। हाई कोर्ट ने उनकी सजा पर राहत दी, लेकिन भुगतान को लेकर दिए गए आश्वासनों के पालन पर बाद में सवाल उठे। जुलाई 2026 में दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस से जुड़े सात मामलों में राजपाल यादव को तीन महीने की सजा सुनाई थी।

सुप्रीम कोर्ट में क्यों पहुंचा मामला
राजपाल यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उनकी ओर से यह दलील भी दी गई है कि बाद में हुए समझौते के कारण पहले दिए गए सुरक्षा चेक की वैधता पर सवाल उठता है और उन्हीं चेक के आधार पर चलाए गए मामले कायम नहीं रह सकते।
सुप्रीम कोर्ट ने सितंबर में उन्हें कुछ शर्तों के साथ जेल जाने से राहत दी थी और रकम जमा करने को कहा था। बाद में उन्हें भुगतान के लिए अतिरिक्त समय भी दिया गया। लेकिन 5 अक्टूबर की सुनवाई तक तय रकम जमा नहीं होने पर अदालत ने सख्त रुख अपनाया। अब सुप्रीम कोर्ट ने भुगतान को लेकर राजपाल यादव को फिर मौका दिया है। मामले की अगली सुनवाई में यह देखा जाएगा कि अदालत के निर्देश के मुताबिक बकाया रकम जमा की गई या नहीं।

