बिना फ्लाइट के लें इन देशों में घूमने का मजा, जानिए कैसे

punjabkesari.in Friday, Apr 09, 2021 - 05:32 PM (IST)

कहीं घूमने का नाम आते ही हर किसी के मन में विदेशों का ख्याल आता है। मगर इसके लिए वीजा व फ्लाइट टिकट की जरूरत होती है। मगर आपको अगर बिना वीजा व प्लेन के घूमने का मौका मिले? असल में, बहुत से ऐसे देश है, जो भारत की सीमा के साथ जुड़े हैं। ऐसे में आप अपने पड़ोसी देश में सड़क या जल मार्ग द्वारा आसानी से घूम सकते हैं। तो चलिए आज हम आपको 6 ऐसे देशों के बारे में बताते हैं...

भूटान 

भारत के पश्चिम बंगाल का जयगांव भारत और भूटान की सीमा को जोड़ने का काम करता है। भूटान में 5 किलोमीटर की सीमा तक घूमने के लिए आपको किसी वीजा या पासपोर्ट की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप बस में आसानी से यहां की यात्रा कर सकते हैं। यहां पर घूमने के लिए क्रोकोडाइल ब्रीडिंग सेन्टर, ज़ैंक्टो पेलरी पार्क, करबंदी मठ आदि जगहें हैं। इसके अलावा आप टोर्सा नदी के मुहाने में भी डुबकी लगाने का मजा ले सकते हैं। यहां घूमने के लिए आप नवंबर से मार्च तक का प्लान कर सकते हैं। 

नेपाल 

नेपाल भारत का पड़ौसी देश है। यहां पर आप बिना वीजा के आसानी से ट्रैवल कर सकते हैं। बस इसके लिए आपको थोड़ी सी मेहनत करनी पड़ेगी। नेपाल में सुवर्णपुर के चितवन राष्ट्रीय पार्क और पोखरा में आप घूमने का मजा उठा सकते हैं। यहां पर ताजे पानी की बड़ी फेवा झील है। इसके साथ ही हिन्दुओं व बौद्धों के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। पशुपतिनाथ मंदिर, लुम्बिनी, वरुण वैली, सागरमठ राष्ट्रीय पार्क यहां का मुख्य आकर्षण है। नेपाल घूमने के लिए अक्तूबर से दिसंबर का समय बेस्ट माना जाता है। इस दौरान मौसम अच्छा होने से फोटोग्राफी की अच्छा लुत्फ उठाया जा सकता है। 

म्यांमार 

भारत से म्यांमार जाने के लिए मिज़ोरम में सड़क के रास्ते द्वारा आसानी से जा सकते हैं। मगर इसके लिए आपके पास पार्सपोर्ट और सड़क मार्ग वाला म्यांमार का वीजा होना चाहिए। ज़ोखाव्थर की सीमा म्यांमार से सटी हुई है साथ ही यह आइज़ॉल से 200 कि.मी की दूरी पर स्थित है। माउण्ट पोपा, चौ इतत गई बुद्ध मंदिर, श्वैदागोन पगोडा, बागान की वादियाँ, इनले झील, महामुनि बुद्ध का विशाल मंदिर आदि यहां का मुख्य आकर्षण का केंद्र है। म्यांमार घूमने के लिए नवंबर से मार्च का समय एकदम परफेक्ट माना जाता है। असल में, इस दौरान ज्यादा बारिश नहीं होती है। साथ ही मौसम भी ठंडा और सुहावना होता है। 

करतारपुर कॉरिडोर

भारत का विभाजन होने पर ननकाना साहिब पाकिस्तान के हिस्से आया। मगर अब यहां के दर्शन करने के लिए दोनों देशों ने करतारपुर कॉरिडोर का रास्ता खोला है। ऐसे में भक्त बिना वीजा के ननकाना साहिब के दर्शन कर सकते हैं। 

बांग्लादेश

आप बांग्लादेश में भी घूमने का प्लान कर सकते हैं। साथ ही यहां पर सुंदरवन, श्रीमंगल, पहाड़पुर और गौ आदि चारों जगहें देखना ना भूलें। वैसे तो सुंदरवन भारत और बांग्लादेश दोनों में स्थित है। मगर बांग्लादेश के सुंदरवन में घूमने को ही 3-4 दिन आसानी से लग सकते हैं। यहां पर घूमने के लिए नवंबस से फरवरी का समय एकदम सही रहेगा। 

श्रीलंका

श्रीलंका में एंट्री करने के लिए आपको बस बोट पर बैठ पानी को पार करने की जरूरत है। यहां भारत और श्रीलंका बॉर्डर पर मन्नार का किला और मन्नार द्वीप घूम सकते हैं। इसके अलावा वनकलाई बीच, हम्बनटोटा, एडम्स पीक, नुवारा एलिया हिल स्टेशन, पिन्नावाला में हाथियों का अनाथालय, दांबुला गुफा मंदिर, गाले का पुराना डच किला आदि में घूमने व फोटोग्राफी का लुत्फ उठा सकते हैं। श्रीलंका में घूमने के लिए अक्तूबर से मार्च का समय एकदम परफेक्ट रहेगा। 

Content Writer

neetu