जन्माष्टमी स्पेशल: राशि के हिसाब से लड्डू गोपाल की पूजा कर पाएं शुभफल

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2020 - 03:24 PM (IST)

भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव यानि कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार हर जगह बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार हर साल भाद्रपद महीने की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। इस साल यह त्योहार 12 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दौरान सभी भक्त श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का अभिषेक कर उन्हें अलग-अलग मिठाइयों का भोग लगाते हैं। साथ ही अपने जीवन में चल रही परेशानियों को दूर करने और आने वाले कल को सुखमय बनाने की कामना करते है। ऐसे में अगर आप अपनी राशि अनुसार उनकी पूजा व भोग अर्पित करेंगे तो ऐसा करना ज्यादा शुभफलदाई होगा। तो चलिए जानते है राशि के हिसाब से बांकेबिहारी की कैसे पूजा करनी चाहिए...

मेष राशि

इस राशि के लोगों को जीवन में सफलता पाने के लिए जन्माष्टमी के शुभ दिन पर बाल गोपाल जी का गंगाजल से अभिषेक करना चाहिए। इसके बाद उन्हें सुंदर व नए कपड़े पहनाकर दूध से बनी मिठाई, नारियल का लड्डू और माखन-मिश्री का भोग लगाकर तुलसी की माला जपते हुए " ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय नम:" मंत्र का जाप करना शुभ होगा। 

वृषभ राशि

इन्हें श्रीकृष्ण का गंगाजल, शहद, घी, दूध, दही आदि से तैयार पंचामृत से अभिषेक करना चाहिए। उसके बाद छेने की मिठाई, रसगुल्ला, पंजीरी, मखाने आदि का भोग लगाकर कमल गट्टे की माला से," श्रीराधाकृष्ण शरणम् मम" मंत्र का 11 बार जाप करना शुभ होगा। इससे इनके जीवन की चल रही परेशानियों से राहत मिलेगी। 

मिथुन राशि

मिथुन राशि के लोगों को भगवान श्रीकृष्ण का दूध से अभिषेक करने के बाद उन्हें पंचमेवा, काजू की मिठाई और केले का भोग लगाना चाहिए। इसके साथ ही यश प्राप्ति के लिए इन्हें स्फटिक की माला जपते हुए," श्रीराधायै स्वाहा" मंत्र का 11 बार जाप करना शुभफलदाई रहेगा। 

कर्क राशि

पारिवारिक सुख-शांति बनाए रखने के लिए भगवान श्रीकृष्ण का घी से अभिषेक करें और उन्हें प्रसाद के रुप में केसर या खोये की बर्फी और कच्चा नारियल अर्पित करें। इस राशि के लोगों को "श्रीराधावल्लभाय नम:" मंत्र का 5 बार जाप करना चाहिए। 

सिंह राशि

इस राशि के जातकों को जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर गंगाजल में शहद मिक्स कर लड्डू गोपाल जी का अभिषेक करना चाहिए। इसके बाद लाल पेड़े, अनार और गुड़ का भोग लगाकर "ऊँ वैष्णवे नम:" मंत्र का जाप करना चाहिए। ऐसा करने से उनकी परेशानियों का हल होने के साथ शत्रुओं पर जीत हासिल होगी। 

कन्या राशि

कन्या राशि के लोगों को श्रीकृष्ण की कृपा पाने के लिए दूध और देसी घी को मिलाकर उनका अभिषेक करना चाहिए। इसके बाद मेवे, दूध की मिठाई, अमरुद और नाशपति आदि का भोग अर्पित करना चाहिए। साथ ही इस राशि के लोगों के लिए 11 बार "श्री राधायै स्वाहा" मंत्र का जाप करना शुभ रहेगा। इससे इनके जीवन में मान-सम्मान की वृद्धि होगी। 

तुला राशि

इस राशि के लोगों को दूध में शक्कर मिक्स कर बांकेबिहारी का अभिषेक करना चाहिए। उसके बाद भोग स्वरूप उन्हें खोये की बर्फी, माखन-मिश्री, केले और कलाकंद आदि चीजें अर्पित करनी चाहिए। इसके साथ जीवन में चल रही परेशानियों से बचने के लिए इन लोगों को "र्ली कृष्ण र्ली" मंत्रों का 11 बारी जाप करना शुभफलदाई होगा। 

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि के लोगों को लड्डू गोपल का पंचामृत से अभिषेक कराना चाहिए। इसके साथ उनकी कृपा पाने के लिए उन्हें गुलाब जामुन, गुड़ से तैयार मिठाई, नारियल आदि भोग लगाना चाहिए। इसके साथ ही 11 बार "श्रीवृंदावनेश्वरी राधायै नम:" मंत्र का जाप करने से उनके बिगड़े और रूके काम पूरे हो जाएंगे। 

धनु राशि

इस राशि के लोगों  को दूध और शहद को मिलाकर भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक कर बेसन या पीले रंग की मिठाई या कोई फल अर्पित करना चाहिए। साथ ही इन लोगों द्वारा 5 बार "ऊँ नमो नारायणाय" मंत्र का जाप करना शुभ होगा। इससे इनका भाग्य तेज होने के साथ घर में सुख- समृद्धि बनी रहेगी। 

मकर राशि

जिन लोगों की राशि मकर हैं उन्हें इस पावन दिन पर बांकेबिहारी जी को गंगाजल से स्नान करवाना चाहिए। उसके बाद गुलाब जामुन, लाल पेड़े और अंगूर का भोग लगाना बेहद शुभ होगा। इसके साथ ही कारोबार में तरक्की पाने के लिए कृष्ण जन्मोत्सव पर "ऊँ र्ली गोपीजनवल्लभाय नम:" मंत्र का जाप करना चाहिए। 

कुंभ राशि

कुंभ राशि के जातकों को कृष्ण जी का अभिषेक पंचामृत से करना शुभ होगा। साथ ही इन्हें बालगोपाल जी को भूरे रंग की मिठाई, पांच तरह के मेवे और चीकू का भोग लाकर "ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय नम:" मंत्र का 11 बार जाप करना शुभफलदाई होगा। इससे उन्हें मनवांछित फल की प्राप्ति होगी। 

मीन राशि

इस राशि के लोगों को कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ दिन पर लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर मेवे से तैयार मिठाई, पानी वाला नारियल और इलायची का भोग लगाना चाहिए। साथ ही "ऊँ र्ली गोकुलनाथाय नम:" मंत्र का जाप करने से इन्हें कार्यों में आने वाली बाधा दूर होने में मदद मिलेगी। 

 

Content Writer

neetu