World Malaria Day आज; जानिए थीम और क्यों खास है ये दिन

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 11:38 AM (IST)

नारी डेस्क: हर साल विश्व मलेरिया दिवस (World Malaria Day) 25 अप्रैल को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना और इसके रोकथाम के उपायों को बढ़ावा देना है। आज भी ये दिवस दुनियाभर में मनाया जा रहा है। इसकी एक थीम रखी गई है, जिसके जरिए लोगों को प्ररित किया जा रहा है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य दुनिया भर में मलेरिया को खत्म करने के प्रयासों को बढ़ावा देना है। चलिए अब जानते है कि मलेरिया क्यों होता है, विश्व मलेरिया दिवस क्यों मनाया जाता है और इस बार इसकी थीम क्या है?

मलेरिया क्या है?

मलेरिया एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो प्लाज़्मोडियम नामक परजीवी के कारण होती है। यह संक्रमित मादा एनोफिलीज़ मच्छर के काटने से फैलती है। जब यह मच्छर किसी व्यक्ति को काटता है, तो परजीवी रक्त के माध्यम से लीवर में पहुंचकर अपनी संख्या बढ़ाते हैं और लाल रक्त कोशिकाओं को नष्ट कर देते हैं। इसी बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए विश्व मलेरिया दिवस हर साल मनाया जाता है।

PunjabKesari

विश्व मलेरिया दिवस 2026 की थीम

इस बार विश्व मलेरिया दिवस 2026 की थीम "मलेरिया खत्म करने के लिए प्रेरित: अब हम कर सकते हैं। अब हमें करना होगा" (Driven to End Malaria: Now We Can. Now We Must.) है। यह थीम बताती है कि नए टीकों और उपकरणों के साथ मलेरिया को खत्म करना संभव है, इसलिए अब तत्काल कार्रवाई कर मलेरिया की समस्या को बढ़ने ना दे।

क्यों खास है ये दिन?

ये बीमारी भारत समेत कई देशों में आज भी एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है। बदलते मौसम, गंदगी और पानी जमा होने जैसी स्थितियां इसके खतरे को और बढ़ा देती हैं। World Health Organization के अनुसार, हर साल लाखों लोग मलेरिया से प्रभावित होते हैं, खासकर बच्चे और गर्भवती महिलाएं। इस दिन के माध्यम से सरकार और स्वास्थ्य संस्थाएं मिलकर इस बीमारी को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम करती हैं। इसलिए ये दिवस मनाया जाता है।

PunjabKesari

इस दिन का उद्देश्य

विश्व मलेरिया दिवस का उद्देश्य लोगों को मलेरिया के खतरे के बारे में जागरूक करना, बीमारी की रोकथाम और उपचार के बारे में जानकारी देना, दुनिया भर में मलेरिया को खत्म करने के प्रयासों को बढ़ावा देना है।

मलेरिया के लक्षण

मलेरिया एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। तेज बुखार, ठंड लगना और कंपकंपी, सिरदर्द, उल्टी और कमजोरी, पसीना आना इस बीमारी के मुख्य लक्षण है। अगर समय पर इलाज न मिले तो यह जानलेवा भी हो सकता है।

बचाव के लिए क्या करें?

मलेरिया से बचाव के लिए कुछ सावधानियां बरतनी जरूरी है। सबसे जरूरी है मच्छरों से दूरी बनाकर रखना। घर और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि यह मच्छरों के पनपने की मुख्य जगह होती है। सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और बाहर निकलते समय मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे का उपयोग करें। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, खासकर शाम के समय। घर के आसपास साफ-सफाई रखें और समय-समय पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराएं। अगर कोई भी लक्षण दिखे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें, ताकि समय पर जांच और इलाज हो सके।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static