Queen Elizabeth II Last Rites: 10 लाख लोग, लाइव प्रसारण... आज होगा दुनिया का सबसे बड़ा राजकीय अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Monday, Sep 19, 2022 - 10:27 AM (IST)

ब्रिटेन में सबसे बड़ा राजकीय सम्मान होने जा रहा है।  महारानी एलिजाबेथ द्वितीय काे आज अंतिम विदाई दी जाएगी। महारानी का पार्थिव शरीर उनके पति प्रिंस फिलिप की कब्र के नजदीक दफनाया जाएगा। माना जा रहा है कि इस दौरान 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना है। राजकीय अंत्येष्टि कार्यक्रम के प्रसारण के लिए ब्रिटेन के विभिन्न पार्कों में विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी। साथ ही कई सिनेमाघर भी कार्यक्रम के प्रसारण के लिए तैयारी कर रहे हैं। 

पिछले 57 वर्षों में ब्रिटेन का पहला राजकीय अंतिम संस्कार एक सख्त प्रोटोकॉल और सैन्य परंपरा के तहत होगा, जिसके लिए कई दिनों से अभ्यास जारी है।  इस अंत्येष्टि कार्यक्रम को दुनिया का सबसे बड़ा अंतिम संस्कार कहा जा रहा है, क्योंकि न तो ब्रिटेन और न ही दुनिया के इतिहास में ऐसा पहले कभी हुआ है।  70 साल पहले महारानी एलिजाबेथ के पिता जॉर्ज-6 का शाही परंपरा के साथ अंतिम संस्कार हुआ था , तब में अब में फर्क यह है कि इस बार लाइव टेलिकास्ट अरबों लोग घर बैठकर देख सकेंगे

आज ब्रिटेन में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है साथ ही अंत्येष्टि कार्यक्रम के लिए जुटने वाली भीड़ के मद्देनजर लंदन में कई सार्वजनिक स्थान चिन्हित किए गए हैं।  महारानी के प्रति ‘‘राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदर्शित’’ करने के लिए रविवार रात आठ बजे सामुदायिक समूह, क्लब, अन्य संगठनों के अलावा घरों में भी आम लोगों को एक मिनट का मौन रखने को कहा जा रहा है।

महारानी के राजकीय अंतिम संस्कार से पहले सुबह साढ़े छह बजे वेस्टमिंस्टर हॉल को श्रद्धांजलि देने के लिए आ रही आम जनता के लिए बंद कर दिया जाएगा।इस दौरान  दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत करीब 500 विश्व नेता शामिल होंगे। शाही ताबूत को जुलूस की शक्ल में पैलेस आफ वेस्टमिंस्टर के वेस्टमिंस्टर हॉल से वेस्टमिंस्टर एबे ले जाया जाएगा जहां अंतिम संस्कार की रस्में पूर्वांह्न 11 बजे शुरू होंगी और करीब एक घंटे बाद दो मिनट के राष्ट्रीय मौन के साथ संपन्न होगी।

इसके बाद एक सार्वजनिक जुलूस दोपहर 12.15 बजे शुरू होगा और दिवंगत महारानी का ताबूत वेस्टमिंस्टर एबे से लंदन के वेलिंग्टन आर्च ले जाया जाएगा और वहां से उसका विंडसर का सफर शुरू होगा। सोमवार की शाम को एक निजी शाही रस्म में महारानी को किंग जार्ज षष्ठम मैमोरियल चैपल में उनके दिवंगत पति प्रिंस फिलिप के बराबर में दफनाया जाएगा।

Content Writer

vasudha