"मेरा देश बदल रहा है ".... इस बार महिलाओं ने उठाया हर घर तक तिरंगा पहुंचाने का बीड़ा

punjabkesari.in Thursday, Aug 04, 2022 - 03:57 PM (IST)

छत्तीसगढ़ में ‘हर घर झंडा’ कार्यक्रम के तहत राज्य के स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। आजादी के अमृत वर्ष को यादगार बनाने के लिए हर घर झंडा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ के स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। 


जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की स्व-सहायता समूह की महिलाएं देश भक्ति की भावना के साथ तिरंगा झंडा तैयार कर रही हैं साथ ही स्वयं को आर्थिक रूप से सशक्त भी कर रही हैं। उन्होंने बताया, “दंतेवाड़ा जिले की पार्वती स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तिरंगा झंडा बनाया जा रहा है। ये महिलाएं झंडे बनाने के काम को महज काम नहीं बल्कि देश सेवा के रूप में देख रही हैं।”


महासमुन्द जिले के कोमाखान की महिला स्व-सहायता समूह की यामिनी साहू ने बताया कि उन्हें हाल में ही डेढ़ हजार झंडे बनाने का ऑर्डर मिला है, इसके बाद और ऑर्डर मिलने वाले हैं। साहू ने बताया कि उनके समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए झंडे जिले के घरों और सरकारी कार्यालयों में फहराए जाएंगे जो उनके लिए गौरव की बात है। आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि तिरंगा झंडा बनाने के लिए खादी का कपड़ा स्थानीय स्तर पर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड से खरीदे गए हैं और पॉलिस्टर का वस्त्र, कपड़ा मिलों से मंगाया गया है।


बता दें कि स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के अवसर पर देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव के तहत 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। अभियान के दौरान देश के नागरिक अपने-अपने घरों में तिरंगा झंडा फहराकर आजादी का जश्न मनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 से 17 अगस्त तक मनाए जाने वाले स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान अपने घरों, संस्थानों, दुकानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया है।

Content Writer

vasudha