कद से भी लंबे बाल... ऐसा अनोखा गांव, जहां 7 फुट लंबे होते हैं महिलाओं के बाल

punjabkesari.in Saturday, Jan 01, 2022 - 05:51 PM (IST)

महिलाओं को लंबे, घने, काले बाल बेहद पसंद होते हैं। ऐसे में वे अपने बालों की खास देखभाल करती है। मगर शहरों में बढ़ते प्रदूषण, खराब पानी और तनाव के कारण बालों के झड़ने की समस्या आम है। इसके लिए महिलाएं हेयर केयर से जुड़े अलग-अलग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं। मगर फिर भी मनचाहे बाल नहीं पा पाती हैं। मगर दुनियाभर में एक ऐसा गांव हैं जहां हर महिला के बाल उनके कद से भी लंबे व घने हैं। जी हां, इस खासियत के चलते यह गांव दुनियाभर में मशहूर है। इसके साथ ही इस गांव की महिलओं ने अपने बालों को लेकर एक अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है। चलिए जानते हैं इस गांव व महिलाओं के बारे में...

pc: Flickr

pc: Easy Tour China

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज गांव का नाम

यह अनोखा गांव दक्षिण चीन के गुइलिन शहर से करीब 2 घंटे की दूरी पर है। गांव का नाम हुआंगलुओ गांव (Huangluo Village) है। देखने में आम से इस गांव की खासियत हैं कि यहां पर रहने वाली हर महिला के बाल बेहद लंबे व घने हैं। ऐसे में इस गांव का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड  में दुनिया के सबसे लंबे बालों वाले गांव के नाम से दर्ज है।

pc: Rove.me

महिलाओं के कद से भी लंबे बाल

खबरों की मानें तो गांव की हर महिला के बाल उनके कद से भी लंबे हैं। ऐसे में आपको यहां पर हर महिला के बाल 5 से 7 फुट तक लंबे मिलेंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2004 में इस गांव की महिला के बालों की लंबाई 7 फीट तक नांपी गई थी। वहीं महिलाओं के बालों की लंबाई के अलावा इनके भार की करें तो ये करीब 1 किलो तक नापे गए है।


pc: reddit

सिर्फ एक बार बाल काटने की मान्यता

कहा जाता है कि इस अनोखे गांव की महिलाएं जिंदगीभर में सिर्फ 1 बार बाल काटती हैं। गांव में महिलाओं के 17-18 साल की उम्र का होने पर एक सेरेमनी रखी जाती है, जिसमें वे अपने बाल काटती है। इसके बाद वे कभी भी बालों को काटती नहीं है। याओ महिलाओं के नाम से मशहूर इस गांव में मान्यता है कि बाल सिर्फ शरीर पर उगने वाली चीज ही नहीं है। असल में, ये उनके और उनके पूर्वजों के बीच संपर्क का एक जरिया है। उनका मानना है कि बाल काटने से इनके पूर्वज इनसे नाराज हो सकते हैं। गांव में अविवाहित लड़कियां अपने बाल स्कार्फ से बांधकर व ढककर रखती हैं। इसके अलावा विवाहित महिलाएं अपने सिर पर आगे की तरफ बड़ा सा जूड़ा बनाकर रखती है। इसके अलावा इस गांव की याओ महिलाओं का डांस भी बेहद मशहूर है। ऐसे में इनका डांस व संस्कृति को देखने के लिए दूर-दूर से लोग हुआंगलुओ गांव में आते हैं।

pc: History Daily

ऐसे करती हैं बालों की देखभाल

इन औरतों के लंबे, घने बालों का राज चाय, चावल का पानी और कई तरह की जड़ी-बूटियां हैं। वे इन सब चीजों को मिलाकर एक खास तरह का शैंपू बनाकर इस्तेमाल करती है। इससे इनके बाल जड़ों से पोषित होकर लंबे, घने व काले होते हैं।

 

 

 

Content Writer

neetu