जानिए कहां और कैसी Wind Chime लगाने से घर में आएगी सुख-समृद्धि

punjabkesari.in Tuesday, Aug 03, 2021 - 01:48 PM (IST)

लोग घर को अलग-अलग चीजों से सजाना पसंद करते हैं। ताकि घर और भी खूूबसूरत नजर आए। मगर वास्तु व फेंगशुई अनुसार, ये चीजें भी हम पर अपना अच्छा व बुरा प्रभाव डालते हैं। ऐसे में आप घर की खूबसूरती व सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने के लिए विंड चाइम लगा सकती है। विंड चाइम को सुख-समृद्धि व खुशियों का प्रतीक माना जाता है। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मगर इसे सही लगाने से पहले सही जगह पर इसकी छड़ियों की मात्रा का खास ध्यान देने की जरूरत होती है।
 

चलिए जानते हैं कि कहां पर कितनी छड़ी वाली विंड चाइम लगानी चाहिए...


वास्तुदोष दूर करने के लिए

घर का वास्तु खराब होने से जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए घर के प्रवेश द्वार के पास चार छड़ी वाली विंड चाइम लगाना शुभ माना जाता है। आप इसे दरवाजे के परदे के साथ पास भी लटका सकती है। इसके हिलने से मधुर ध्वनि का संचार होगा। ऐसे में घर में साकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होगा।


बच्चों की एकाग्रता शक्ति बढ़ाएं

अगर आपके बच्चे का पढ़ाई में मन नहीं लगता है तो उसके स्टडी रूम में पांच छड़ी वाली विंड चाइम लगाएं। इससे उसकी एकाग्रता शक्ति बढ़ेगी और पढ़ाई में मन लगेगा। साथ ही उसे हर क्षेत्र में सफलता हासिल होगी। इसके साथ ही उसका बीमारियों से बचाव रहेगा। इसके अलावा बच्चे को जिद्द पर मनमर्जी करने से रोकने के लिए उसके कमरे में छह छड़ी वाली विंड चाइम लगा दें।

रिश्तों में बढ़ाएंगे मजबूती

जिन घरों में अक्सर तनाव व लड़ाई-झगड़े रहते हैं उन्हें नौ छड़ी वाली विंड चाइम लगानी चाहिए। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही निराशा व उदासीनता धीरे-धीरे दूर होकर घर में खुशहाली का वास होता है।

रिश्तेदारों के साथ संबंध होंगे मजबूत

घर के ड्राइंग रूम में छह छड़ी वाली विंड चाइम लगाएं। वास्तु अनुसार, मेहमानों के कमरे में प्रवेश करने पर विंड चाइम के टकराने से जो आवाज आती है उससे रिश्तेदारों का व्यवहार आपके अनुकूल हो जाता है।

नौकरी व कारोबार संबंधी समस्या होगी दूर

वास्तु अनुसार, ऑफिस व कार्यक्षेत्र पर आठ छड़ी वाली विंड चाइम लगानी चाहिए। इससे एकाग्रता शक्ति बढ़ती है। काम में आने वाली बाधाएं दूर होकर सफलता के रास्ते खुलते हैं।

 

Content Writer

neetu