रात में पैरों में खुजली क्यों होने लगती है? एक्सपर्ट ने बताया  कारण

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 10:31 AM (IST)

नारी डेस्क: कई लोगों को यह समस्या होती है कि दिनभर सब ठीक रहता है, लेकिन जैसे ही रात होती है, पैरों में तेज खुजली शुरू हो जाती है। कभी-कभी खुजली इतनी ज्यादा बढ़ जाती है कि नींद तक उड़ जाती है। तेल लगाने, दवा लगाने के बाद भी आराम नहीं मिलता और शरीर में बेचैनी बनी रहती है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर रात में ही पैरों में खुजली क्यों बढ़ जाती है? एक्सपर्ट्स के अनुसार, इसके पीछे सिर्फ एक नहीं बल्कि कई कारण हो सकते हैं। यह व्यक्ति की स्किन, लाइफस्टाइल और सेहत पर भी निर्भर करता है।

रात में पैरों में खुजली बढ़ने के मुख्य कारण

स्किन का ड्राई होना

रात के समय शरीर का तापमान थोड़ा बढ़ जाता है। इससे स्किन रूखी (ड्राई) हो सकती है। जब स्किन में नमी कम हो जाती है, तो खुजली की समस्या बढ़ने लगती है।

PunjabKesari

ब्लड सर्कुलेशन का बढ़ना

रात में आराम की स्थिति में पैरों की ओर ब्लड फ्लो बढ़ जाता है। इससे नसें ज्यादा एक्टिव हो जाती हैं और खुजली महसूस हो सकती है।

फंगल इंफेक्शन

अगर पैरों में लालपन, छाले, जलन या स्किन छिलने जैसी परेशानी है, तो यह फंगल इंफेक्शन का संकेत हो सकता है। फंगल इंफेक्शन में रात के समय खुजली ज्यादा बढ़ जाती है।

दिनभर जूते-मोजे पहनना

पूरा दिन टाइट जूते, सिंथेटिक मोजे पहनने से पैरों में पसीना और नमी जमा हो जाती है। इससे स्किन इरिटेट होती है और रात में खुजली बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें: पेट के ये 5 लक्षण नजरअंदाज न करें,  दिखते ही भागें डॉक्टर के पास, देरी से सड़ सकता है लिवर

साबुन या डिटर्जेंट से एलर्जी

कभी-कभी नया साबुन, डिटर्जेंट या केमिकल युक्त प्रोडक्ट भी स्किन में एलर्जी पैदा कर सकते हैं, जिससे रात में खुजली की समस्या होती है।

PunjabKesari

पैरों की खुजली से तुरंत राहत पाने के आसान उपाय

सोने से पहले पैरों को अच्छे से धो लें और हल्के हाथ से सुखाएं। इसके बाद मॉइस्चराइजर या नारियल तेल लगाकर हल्की मालिश करें। खुजली ज्यादा हो तो पैरों को ठंडे पानी से धोने से तुरंत आराम मिल सकता है। रात में टाइट मोजे पहनने से बचें, इससे पैरों में गर्मी बढ़ती है। अगर खुजली के साथ दाने, लालपन या स्किन छिल रही हो, तो डॉक्टर की सलाह से एंटीफंगल क्रीम का इस्तेमाल करें। कॉटन के मोजे पहनें और पैरों को साफ व सूखा रखें।

कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?

अगर खुजली कई दिनों तक बनी रहे, बार-बार हो या साथ में घाव, सूजन या दर्द हो, तो बिना देर किए त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लें।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है। किसी भी तरह की समस्या होने पर डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static