रात में पैर की नस क्यों खिंचने लगती है? जानिए कारण
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 02:38 PM (IST)
नारी डेस्क: क्या रात में सोते-सोते अचानक आपके पैर की मांसपेशियां खिंचने लगती हैं और तेज दर्द की वजह से नींद खुल जाती है? पैरों में होने वाली यह ऐंठन यानी लेग क्रैम्प काफी परेशान करने वाली हो सकती है। कुछ लोगों को यह समस्या कभी-कभार होती है, जबकि कुछ लोग इससे बार-बार परेशान रहते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि रात में पैरों में ऐंठन आखिर क्यों होती है और इसके दौरान तुरंत राहत कैसे पाई जा सकती है।
रात में पैरों में ऐंठन क्यों होती है
NHS के मुताबिक, लेग क्रैम्प पैरों की मांसपेशियों में अचानक होने वाला तेज खिंचाव या सिकुड़न है। इस दौरान मांसपेशियां कुछ समय के लिए सख्त हो जाती हैं, जिससे तेज दर्द और जकड़न महसूस हो सकती है। यह ऐंठन कुछ सेकंड से लेकर कुछ मिनट तक रह सकती है और अक्सर रात में सोते समय या आराम करने के दौरान होती है। ज्यादातर मामलों में पैरों की ऐंठन गंभीर समस्या नहीं होती और कुछ समय बाद अपने आप ठीक हो जाती है। हालांकि, ऐंठन खत्म होने के बाद भी मांसपेशियों में करीब 24 घंटे तक दर्द या हल्की तकलीफ रह सकती है।

पैरों में ऐंठन होने के क्या कारण हैं
रात में पैर खिंचने की समस्या कई अलग-अलग कारणों से हो सकती है। इनमें कुछ सामान्य कारण शामिल हैं
उम्र बढ़ना: उम्र बढ़ने के साथ पैरों की मांसपेशियों में होने वाले बदलावों के कारण लेग क्रैम्प की समस्या बढ़ सकती है।
ज्यादा एक्सरसाइज: अगर आप अचानक बहुत ज्यादा व्यायाम करते हैं या मांसपेशियों पर जरूरत से ज्यादा जोर पड़ता है, तो ऐंठन हो सकती है। गर्म या उमस भरे मौसम में यह समस्या और बढ़ सकती है।
पानी की कमी: शरीर में पर्याप्त पानी न होने यानी डिहाइड्रेशन की स्थिति में भी मांसपेशियों में ऐंठन हो सकती है। इसलिए पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है।
प्रेग्नेंसी: गर्भावस्था के दौरान, खासकर आखिरी महीनों में, पैरों में ऐंठन की शिकायत आम हो सकती है।
ये भी पढ़ें: टॉयलेट करते वक्त खून आना सिर्फ बवासीर नहीं, इस गंभीर बीमारी का भी हो सकता है संकेत
कुछ दवाएं: कुछ दवाओं के सेवन के बाद भी मांसपेशियों में क्रैम्प की समस्या हो सकती है। इनमें कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली स्टैटिन और हाई ब्लड प्रेशर की कुछ दवाएं शामिल हैं।
शराब का ज्यादा सेवन: लंबे समय तक बहुत अधिक शराब पीने से लिवर से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं, जिनके साथ मांसपेशियों में ऐंठन भी देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा कई बार पैरों में क्रैम्प बिना किसी स्पष्ट कारण के भी हो सकता है।

ऐंठन होने पर तुरंत क्या करें
अगर रात में सोते समय अचानक पैर में क्रैम्प पड़ जाए, तो घबराने के बजाय धीरे-धीरे उस मांसपेशी को स्ट्रेच करने की कोशिश करें। NHS के अनुसार, बिस्तर से उठकर सीधे खड़े होने से भी कुछ लोगों को राहत मिल सकती है, क्योंकि मांसपेशी पर हल्का दबाव पड़ने से ऐंठन कम हो सकती है। पैरों की नियमित स्ट्रेचिंग भी क्रैम्प की समस्या को कम करने में मदद कर सकती है। खासकर अगर आपको रात में बार-बार पैरों में ऐंठन होती है, तो सोने से पहले हल्की स्ट्रेचिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है।
कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए
अगर पैरों में ऐंठन बार-बार हो रही है, बहुत ज्यादा दर्द होता है या इसकी वजह से आपकी नींद लगातार प्रभावित हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें। खासकर अगर क्रैम्प किसी दवा की शुरुआत के बाद बढ़े हैं, तो डॉक्टर से बात करना बेहतर है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर इसके पीछे छिपे कारणों की जांच कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: पैरों में ऐंठन के कई कारण हो सकते हैं। ऊपर बताए गए उपाय सामान्य जानकारी के लिए हैं। अगर समस्या लगातार बनी रहती है या बार-बार होती है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

