रोहित शेट्टी ने आखिर क्यों Kareena Kapoor से मांगी थी माफी? सच सामने आते ही इमोशनल हो गई थीं बेबो

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 11:01 AM (IST)

नारी डेस्क:  बॉलीवुड में फिल्मों के अलावा सितारों से जुड़े कई ऐसे किस्से भी हैं, जो सालों बाद सामने आने पर लोगों का ध्यान खींचते हैं। ऐसा ही एक किस्सा करीना कपूर और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी से जुड़ा है। यह वाकया उस समय का है, जब करीना कपूर अपनी फिल्म ‘गोलमाल 2’ के प्रमोशन के लिए एक म्यूजिक रियलिटी शो में पहुंची थीं। शो में उनके साथ ऐसा प्रैंक किया गया था, जिसने कुछ पल के लिए करीना को भावुक कर दिया था।

‘गोलमाल 2’ के प्रमोशन के दौरान हुआ था किस्सा

करीना कपूर फिल्म ‘गोलमाल 2’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंची थीं। इस दौरान शो के मंच पर एक बुजुर्ग शख्स को व्हीलचेयर पर लाया गया। एंकर ने करीना को बताया कि वह शख्स उनके दादा और दिग्गज अभिनेता-फिल्ममेकर राज कपूर के करीबी सहयोगी राम प्रसाद गोयंका हैं। बताया गया कि राम प्रसाद गोयंका ने राज कपूर के साथ लंबे समय तक काम किया था। शो में यह भी कहा गया कि उन्होंने राज कपूर के साथ फिल्म ‘आग’ से लेकर ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ तक काम किया था और वह करीना को बचपन में गोद में खिलाया करते थे।

PunjabKesari

करीना ने मदद के लिए दिया था 8 लाख रुपये का चेक

शो में जब करीना को राम प्रसाद गोयंका की कथित आर्थिक स्थिति के बारे में बताया गया तो वह काफी भावुक हो गई थीं। उनकी मदद के लिए उन्हें 8 लाख रुपये का चेक देने की बात कही गई। करीना ने खुद मंच पर जाकर उन्हें चेक सौंपा। इस दौरान वह भावुक नजर आईं और इस पूरे पल को काफी गंभीरता से ले रही थीं। लेकिन चेक हाथ में आते ही मंच पर जो हुआ, उसकी शायद करीना ने भी कल्पना नहीं की थी।

अचानक व्हीलचेयर से उठकर करने लगे डांस

चेक मिलने के बाद व्हीलचेयर पर बैठे बुजुर्ग अचानक उठ खड़े हुए और डांस करने लगे। वहां मौजूद करीना, अजय देवगन और शो के बाकी लोग भी हैरान रह गए। उन्हें समझ नहीं आया कि कुछ ही देर पहले कमजोर नजर आ रहे शख्स में अचानक इतनी ऊर्जा कहां से आ गई। मामला तब और दिलचस्प हो गया, जब डांस कर रहे उस शख्स ने अपना मेकअप उतारना शुरू किया। इसके बाद सामने आए कॉमेडियन व्रजेश हीरजी। यानी जिस व्यक्ति को करीना इतने समय से राम प्रसाद गोयंका समझ रही थीं, वह असल में एक प्रैंक का हिस्सा था।

ये भी पढ़ें:  मौनी रॉय के सपनों का आशियाना है बेहद खूबसूरत, इंटीरियर ने खींची नजरें

व्रजेश हीरजी को देखते ही करीना हो गई थीं नाराज

सच सामने आते ही करीना का रिएक्शन भी देखने लायक था। बताया जाता है कि वह व्रजेश हीरजी को मारने के लिए उनकी तरफ दौड़ीं। करीना को इतना नाराज देखकर वहां मौजूद लोग भी चौंक गए। इसी दौरान रोहित शेट्टी ने बीच में आकर पूरा मामला संभालने की कोशिश की। उन्होंने करीना को बताया कि यह सब पहले से प्लान किया गया एक प्रैंक था और इसी के तहत राम प्रसाद गोयंका का किरदार तैयार किया गया था।

PunjabKesari

रोहित शेट्टी ने सबके सामने मांगी करीना से माफी

प्रैंक का सच सामने आने के बाद रोहित शेट्टी ने करीना कपूर से माफी मांगी। उन्होंने माना कि इस तरह का मजाक शायद नहीं किया जाना चाहिए था, खासकर तब जब करीना इस पूरे मामले को सच मानकर भावुक हो गई थीं। रोहित की माफी के बाद करीना ने भी उन्हें माफ कर दिया। हालांकि, इस पूरे वाकये को लेकर करीना ने एक ऐसी बात कही, जिसने वहां मौजूद लोगों को हंसा दिया।

करीना ने कहा- अच्छा हुआ पैर नहीं छुए

करीना ने बताया कि वह चेक देने के बाद कथित राम प्रसाद गोयंका के पैर छूने के लिए आगे बढ़ने वाली थीं। ऐसे में अगर उन्होंने पैर छू लिए होते और उसके बाद वहां से व्रजेश हीरजी निकलते, तो स्थिति और भी मजेदार हो जाती। इस पूरे प्रैंक में करीना की भावुक प्रतिक्रिया से लेकर बाद में सामने आई सच्चाई तक, कई पल ऐसे रहे जो लंबे समय तक चर्चा में रहे। वहीं रोहित शेट्टी का करीना से माफी मांगना भी इस किस्से का अहम हिस्सा बन गया।
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static