समर सिंह करता था ज्‍यादती, मेरी बेटी ने परेशान होकर किया सुसाइड...आकांक्षा दुबे की मां ने खोली गायक की पोल

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2023 - 02:52 PM (IST)

भोजपुरी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की सुसाइड की खबर ने सभी को हिला कर रख दिया है। लोग विश्वाश ही नहीं कर पा रहे हैं कि एक जानी- मानी हस्ती इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकती है। इसी बीच एक्ट्रेस की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि धमकियों से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया है।


पुलिस ने बताया कि मुंबई से वाराणसी पहुंची आकांक्षा की मां मधु दुबे की तहरीर पर भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। याद हो कि आकांक्षा दुबे रविवार को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाई गई थीं। उनका शव पंखे पर दुपट्टे से लगाये गए फंदे से लटकता पाया गया था। उनके पास से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ था। 

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की रहने वाली आकांक्षा एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी आयी थीं और सारनाथ थानाक्षेत्र के एक होटल में ठहरी थीं। रविवार की सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आईं तो साथियों के कहने पर होटल के कर्मचारियों ने मास्टर चाभी से उसके कमरे का गेट खोला तो वहां वह मृत पाई गई थी।


आकांक्षा की मां का कहना है कि- समर सिंह ने उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी। वह लगातार आकांक्षा को प्रताड़‍ित करता था और मारता-पीटता भी था। मां ने दावा किया है समर सिंह ने आकांक्षा से 5 करोड़ रुपये लिए थे और जब भी वह पैसे मांगती थी तो समर उसके साथ ज्‍यादती करता था। उनका कहना है कि वह चाहता था कि आकांक्षा सिर्फ उसके साथ ही काम करे और किसी के साथ नहीं। 

याद हो कि आकांक्षा दुबे ने इसी साल वेलेंटाइन्‍स डे पर सोशल मीडिया पर समर सिंह के साथ अपने रिलेशन का खुलासा किया था। अब इस घटना के बाद  समर सिंह का कोई बयान तो सामने नहीं आया है, लेकिन उन्होंने  इंस्‍टाग्राम पर पोस्‍ट कर 'नि:शब्‍द' लिखकर आकांक्षा को श्रद्धांजलि जरूर दी थी। आकांक्षा ने 'कसम पैदा करने वाले की '2', मुझसे शादी करोगी' (भोजपुरी) और 'वीरों के वीर' सहित कई क्षेत्रीय फिल्मों में अभिनय किया था। 

Content Writer

vasudha