खाने के बाद क्या पीना सही और क्या नहीं?

punjabkesari.in Sunday, Dec 02, 2018 - 11:50 AM (IST)

स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार का सेवन करना बहुत जरूरी है। इसके अलावा पानी की कमी से भी कई तरह की समस्याएं हो जाती है क्योंकि शरीर का 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा पानी से बना है। पेय पदार्थ पीने के भी कुछ नियम है। यह बात तो हम सब जानते हैं कि खाना-खाने के एकदम बाद पानी का सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है लेकिन फिर भी कुछ लोग स्वाद के चक्कर में भोजन के तुरंत बाद कुछ न कुछ पी ही लेते हैं। 

खाना-खाने के बाद क्या पीना चाहिए और क्या नहीं इस बात की जानकारी होना बहुत जरूरी है ताकि इसका सेहत को किसी तरह का नुकसान न हो। 

चाय बनती है अपच की वजह

कुछ लोगों को खाना-खाने के बाद चाय पीने की आदत होती है। इससे अपच की समस्या बहुत बढ़ जाती है। इस समय चाय का सेवन करने से खाने के जरिए शरीर को मिलने वाला पोषण भी अधूरा रह जाता है। भोजन करने के बाद चाय का सेवन करना ही है तो कम से कम आधे घंटे बाद ही पीएं। 

पानी से बनती है गैस 

भोजन के तुरंत बाद पानी पीने से फायदे की जगह नुकसान पहुंचता है। इससे पाचन क्रिया की गड़बड़ी, अपच और गैस की परेशानी बनी रहती है। खाना खाने के आधा या एक घंटे बाद पानी का सेवन करें। 

कॉफी है फायदेमंद

कॉफी का ज्यादा सेवन नुकसानदायक है लेकिन भोजन के तुरंत बाद एक कप कॉफी पीना ठीक रहता है। अगर कुछ खाने के बाद भारीपन महसूस करते हैं तो कॉफी पीने से यह परेशानी दूर हो जाती है। यह भोजन पचाने में सहायक है लेकिन एक कप से ज्यादा कॉफी न पीएं। 

पाचन दुरुस्त रखती है नीबू की चाय

नींबू की चाय भोजन को पचाने वाले एंजाइम्स को ठीक से काम करने में सहायक होती है। भोजन के बाद इसका सेवन करना फायदेमंद है। इसके अलावा जिन लोगों को पेट से संबंधित परेशानी है उन्हें खाने के बाद नीबू पानी पीना चाहिए। 

दही है फायदेमंद

दही में भोजन को पचाने वाले पोषक तत्व होते हैं। यह अमाशय को भी ठीक रखता है। दही से बनी छाछ फायदेमंद होती है। 

सावधानियां बरतनी जरूरी

खाने के तुरंत बाद पानी पीने को लेकर कुछ नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। इसके लिए कुछ सावधानियां जरूर बरतें। 
1. भोजन के आधा घंटे बाद पानी न पीएं। 
2. एल्कोहल का सेवन नुकसानदायक है। 
3. एक ही बार खूब सारा पानी न पीएं, एक-एक घूंट करके पानी का सेवन करें। 
4. भोजन के तुरंत बाद एक्सरसाइज या व्यायाम करने से नुकसान होता है। 
5. खाना खाने के बाद थोड़ा आराम करें। 

Content Writer

Priya verma