Nautapa के समय भूलकर भी न खाएं ये सब्जी, नहीं तो बढ़ सकती हैं ये परेशानियां
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 12:17 PM (IST)
नारी डेस्क : नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और यह 2 जून तक रहेगा। इन दिनों में गर्मी अपने चरम पर होती है और तापमान 45 डिग्री के पार तक पहुंच सकता है। ऐसे मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। जहां कुछ चीजें शरीर को ठंडक देने का काम करती हैं, वहीं कुछ खाद्य पदार्थ शरीर की गर्मी बढ़ा सकते हैं। इन्हीं में से एक है बैंगन। आयुर्वेद के अनुसार नौतपा के दौरान बैंगन खाने से बचने की सलाह दी जाती है।
बैंगन की तासीर कैसी होती है?
आयुर्वेद के अनुसार बैंगन की तासीर गर्म मानी जाती है। यही कारण है कि तेज गर्मी और नौतपा के दौरान इसका ज्यादा सेवन करने से शरीर में अतिरिक्त गर्मी बढ़ सकती है, जिससे पेट में जलन, एसिडिटी और बेचैनी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

नौतपा में बैंगन क्यों नहीं खाना चाहिए?
नौतपा के दौरान शरीर पहले से ही गर्म मौसम का सामना कर रहा होता है। ऐसे में गर्म तासीर वाले खाद्य पदार्थ खाने से शरीर में असहजता बढ़ सकती है। बैंगन कुछ लोगों में पाचन और त्वचा संबंधी समस्याओं को ट्रिगर कर सकता है।
यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं
बैंगन खाने से क्या दिक्कतें हो सकती हैं?
एसिडिटी और पेट में जलन
बेचैनी और भारीपन
अपच और उल्टी जैसी समस्या
स्किन एलर्जी, खुजली या फोड़े-फुंसी
शरीर में ज्यादा गर्मी महसूस होना
हालांकि, ये समस्याएं हर व्यक्ति में नहीं होतीं, लेकिन गर्मियों में संवेदनशील लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

नौतपा में क्या खाना फायदेमंद माना जाता है?
नौतपा के दौरान शरीर को हाइड्रेट और ठंडा रखने वाली चीजों का सेवन फायदेमंद माना जाता है। इस मौसम में तरबूज, खीरा, खरबूजा, छाछ, लस्सी, नींबू पानी और मौसमी फलों का सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद कर सकता है।
यें भी पढें : पुरुषों की इन आदतों से महिलाओं में बढ़ रहा सर्वाइकल कैंसर का खतरा
ध्यान रखें : नौतपा में ज्यादा मसालेदार, तला-भुना और भारी खाना खाने से बचना चाहिए। साथ ही दिनभर पर्याप्त पानी पीना और शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है।

