घर में लगा रहे हैं शिव जी की मूर्ति तो इन बातों का रखें ध्यान

punjabkesari.in Wednesday, Jul 20, 2022 - 01:52 PM (IST)

सावन का महीना शुरु हो चुका है। मान्यताओं के अनुसार, यह भगवान शिव का मनपसंदीदा महीना होता है। हिंदू धर्म के मुताबिक, भगवान शिव  को सारे देवताओं में सबसे ऊंचा स्थान दिया गया है। इसलिए उन्हें देवाधिदेव महादेव भी कहते हैं। वह स्वंय कालों के भी काल हैं। उनकी कृपा-दृष्टि पड़ने से बड़े से बड़ा संकट भी टल जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में भगवान शिव की तस्वीर या फिर मूर्ति लगाना बहुत ही शुभ माना जाता है। लेकिन मूर्ति को लगाने के लिए भी कुछ नियम बताए गए हैं। तो चलिए जानते हैं उनके बारे में...

इस दिशा में लगाएं शिव की तस्वीर 

मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव का निवास स्थान कैलाश पर्वत की उत्तर-दिशा में स्थित है। इसलिए यदि आप घर में शिव जी की तस्वीर लगाना चाहते हैं तो उत्तर-दिशा में ही स्थापित करें। वास्तु शास्त्र के अनुसार, भूलकर भी घर में शिव जी की ऐसी प्रतिमा न लगाएं, जिसमें वह क्रोधित मुद्रा में हों। ऐसी तस्वीर विनाश की प्रतीक होती है। 

शिव परिवार की तस्वीर 

घर में शिव परिवार की तस्वीर लगाना भी बहुत ही शुभ होता है। इससे आपके घर में कलह-कलेश नहीं होता। इस तस्वीर से आपके घर में पॉजिटिव प्रभाव पड़ता है और बच्चे भी आज्ञाकारी बनते हैं।

इस जगह पर रखें 

वास्तु शास्त्र के अनुसार, आपको भगवान शिव की मूर्ति या तस्वीर ऐसी जगह पर लगानी चाहिए, यहां पर हर कोई उनके दर्शन कर सके। ऐसी जगह पर तस्वीर लगाना बहुत ही शुभ माना जाता है। 

ऐसी तस्वीर लगाएं

आप घर में शिव जी की ऐसी तस्वीर लगाएं, जिसमें वह खुश और हंसते हुए नजर आ रहे हों। इस तरह की तस्वीर घर में लगाने से आपके जीवन में हमेशा सुख-समृद्धि बनी रहेगी। 

सफाई का भी रखें खास ध्यान 

 यहां पर आपने भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित की है, वह जगह हमेशा साफ सुथरी रखें। इस बात का ध्यान रखें कि तस्वीर के आसपास ज्यादा गंदगी न हो। यदि तस्वीर के पास गंदगी हो तो आपके घर में वास्तु दोष बढ़ सकते हैं और घर में पैसे की कमी भी हो सकती है। 

Content Writer

palak