कैमिकल्स नहीं इन नेचुरल चीजों से बनाएं हेयर कलर, बाल दिखेंगे स्टाइलिश और सिल्की

punjabkesari.in Wednesday, Jun 30, 2021 - 12:58 PM (IST)

पिछले कुछ सालों से लड़कियों में हेयर कलर करवाने का ट्रेंड खूब चल रहा है। बालों पर अलग-अलग कलर सुंदर तो लगते हैं मगर कुछ समय बाद ही इसका रंग फीका पड़ने लगता है। साथ ही ये खराब होने लगते हैं। असल में, हेयर कलर में कैमिकल्स होने से बाल डैमेज होने लगते हैं। ऐसे में वे जड़ों से कमजोर, रुखे-बेजान होकर टूटने लगते हैं। ऐसे में अगर आपको हेयर कलर का शौंक या सफेद बालों की परेशानी है तो आप घर पर नेचुरल चीजों से बालों को कलर कर सकती है। ये बालों को कोई नुकसान पहुंचाए बिना सुंदर, घने व शाइनी बनाने में मदद करेंगे। 

- फूड कलर से पाएं मनचाहा रंग

इसके लिए एक बाउल में 1/2 कंडीशनर व मनचाहे फूड कलर की कुछ बूंदें मिलाएं। तैयार मिश्रण को पूरे बालों या उन हिस्सों पर लगाएं जिसे आप कलर करना चाहते हैं। 15-20 मिनट तक लगा रहने दें। बाद में बालों को धो लें। इससे आपको फेवरेट हेयर कलर या हाइलाइटर लुक मिलेगा। इसके साथ फूड कलर केमिकल फ्री होने से बालों को मजबूत करेंगे।

- बीटरूट- पर्पलिश और बरगंडी लुक

इसके लिए 1 चुकंदर को काट लें। अब बाउल में चुकंदर के टुकड़े, 1-1 बड़ा चम्मच शहद, नारियल तेल व चुकंदर मिलाएं। अब इसे मिक्सी में पीसकर स्मूद पेस्ट बनाएं। तैयार मिश्रण को 1 घंटे तक बालों पर लगाएं। बाद में शैंपू व कंडीशनर से बालों को धो लें। इससे स्कैल्प में खून का संचार बेहतर होगा। आपको नेचुरल हेयर कलर मिलेगा। इसके साथ ही बाल घने, सिल्की व हैल्दी बनेंगे।

- गाजर जूस- रेडिश-ऑरेंज कलर

इसके लिए एक कटोरी में 1-1 बड़ा चम्मच गाजर जूस, नारियल और जैतून तेल मिलाएं। तैयार मिश्रण को अपने हिसाब से बालों पर लगाएं। उसके बाद सिर को प्लास्टिक शीट से कवर 1 घंटा लगा रहने दें। फिर इसे एप्पल साइडर विनेगर से धोएं। इससे आपके बालों को रेडिश ऑरेंज रंग मिलेगा। गाजर में मौजूद विटामिन ए बालों को जड़ों से पोषित करेगा। ऐसे में बाल लंबे, घने मुलायम व मजबूत होंगे।

- दालचीनी- रेडिश ब्राउन

इसके लिए एक बाउल में 1/2- 1/2 कप कंडीशनर व दालचीनी पाउडर मिलाएं।‌‌तैयार मिश्रण को बालों पर 45-60 मिनट तक लगाएं। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धोएं। इससे बालों को रेडिश ब्राउन कलर या हाई टाईट मिलेंगे। साथ ही साथ गहराई से पोषित होकर सिल्की, लंबे व शाइनी होंगे।


 

Content Writer

neetu