आंवला नवमी पर कर लें ये उपाय, धन की देवी और भगवान विष्णु होंगे मेहरबान

punjabkesari.in Wednesday, Nov 02, 2022 - 12:27 PM (IST)

अक्षय पुण्य फल प्रदान करने वाली आंवला नवमी का त्योहार आज के दिन मनाया जा रहा है। इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की विशेष रुप से पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दिन आंवले के पेड़ से अमृत की बूंदे भी गिरती है। आंवला नवमी को अक्षय नवमी भी कहा जाता है। इस दिन किए गए पुण्य और अच्छे कर्मों का फल भी जरुर मिलता है। अक्षय नवमी पर आप कुछ उपाय करके भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी को प्रसन्न कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इनके बारे में...

पूजा में लगाएं आंवले का भोग 

आज के दिन आप पूजा में भगवान विष्णु को आंवले का भोग जरुर लगाएं। इसके अलावा किसी गरीब ब्राह्माण को आंवले का दान करें। मान्यताओं के अनुसार, इससे भगवान विष्णु प्रसन्न होंगे और उनकी कृपा आप पर बनेगी। आंवला नवमी वाले दिन से लेकर कार्तिक पूर्णिमा के दिन तक आंवले की पेड़ की पूजा जरुर करें। इससे भगवान विष्णु प्रसन्न होंगे। आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है। 

मां लक्ष्मी होंगी प्रसन्न 

आंवला नवमी में पूजा करने के बाद आंवले के पेड़ के नीचे एक आसन बिछाएं। आसन पर आप किसी गरीब व्यक्ति को भोजन करवाएं। इसके बाद आप भी परिवार से साथ भोजन करें और आंवले का सेवन करें। इससे मां लक्ष्मी आप से प्रसन्न होंगी। साथ ही उनकी कृपा भी आप पर बनेगी। धन संपत्ति में भी वृद्धि होती है।

घर में लगाएं आंवले का पौधा 

आज के दिन घर में आंवले का पौधा भी जरुर लगाएं। इस पौधे को आप घर की उत्तर-पूर्व दिशा में भी लगा सकते हैं। इस पौधे में श्रीहरि का वास होता है। यह आपके घर में पॉजिटिविटी और सुख-समृद्धि लेकर आता है। 

आंवले के पेड़ की करें पूजा 

आंवला नवमी वाले दिन आप आंवले के पेड़ की पूजा जरुर करें। आंवले की जड़ में आप दूध और जल चढ़ाएं। इस पेड़ की पूजा करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। 

उत्तम स्वास्थ्य का लाभ होगा प्राप्त 

माना जाता है कि आज के दिन आंवले के पेड़ से अमृत की बूंदे निकलती हैं। इसलिए आप आज के दिन परिजनों के साथ आंवले के पेड़ के नीचे कुछ समय व्यतीत जरुर करें। इससे आपका स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा और रोग भी दूर होंगे। 

केसर की खीर बनाएं

आज के दिन आप मां लक्ष्मी की पूजा जरुर करें। उन्हें केसर वाली खीर का भोग लगाएं। इसके बाद इस खीर को प्रसाद के रुप में परिवार के सदस्यों को खिलाएं। इससे मां लक्ष्मी आपके परिवार पर प्रसन्न होंगी और आर्थिक संकट भी दूर होंगे। 

तिजोरी में रखें आंवले के बीज 

इस दिन हरे रंग के कपड़े में आंवले के बीज बांधें। इन बीजों को आप धन के स्थान या फिर तिजोरी में रखें। मान्यताओं के अनुसार, इससे आपकी धन संपत्ति में भी वृद्धि होगी। 

Content Writer

palak