फर्जी IRS से शादी कर बैठी यूपी की लेडी सिंघम, अब DSP मांग रही है खुद के लिए इंसाफ

punjabkesari.in Monday, Feb 12, 2024 - 01:34 PM (IST)

जब भी कभी  आम इंसान धोखाधड़ी या ठगी का शिकार होता है तो वह सीधे पुलिस के पास जाता है और इंसाफ की गुहार लगाता है। पर जरा सोचिए अगर पुलिस के साथ ही धोखा हो गया तो वो कहां जाएगी। एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, अब वह खुद के लिए इंसाफ की मांग कर रही है। आइए आपको बताते हैं ठगी का शिकार बनी इस महिला अधिकारी की कहानी।


हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के शामली में तैनात DSP श्रेष्ठा ठाकुर की जिसे किसी और ने नहीं बल्कि पति ने ही धोखा दे दिया। जिस इंसान को आईआरएस अफसर समझकर उन्होंने उससे शादी की थी वह असल में कुछ और ही निकला। अब उन्होंने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई हे। डिप्‍टी एसपी मेट्रोमोनियल साइट के जरिये अपने पति से मिली थी, लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि उनके साथ इतना बड़ा धाेखा हो जाएगा।


2008 बैच की तेजतर्रार पीपीएस अफसर श्रेष्‍ठा ठाकुर ने अब अपने पूर्व पति रोहित राज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, उनका आरोप है कि रोहित राज ने खुद को आईआरएस अफसर बताया था, उसने अपनी तैनाती रांची में डिप्‍टी कमिश्‍नर पद पर बताई थी। शादी से पहले श्रेष्‍ठा के परिजनों ने रोहित राज के बारे में जानकारी जुटाई थी, उस समय इसी नाम का एक आईआरएस अफसर रांची में डिप्‍टी कमिश्‍नर पद पर तैनात था, जिस कारण किसी को उन पर शक नहीं हुआ।


शादी के बाद   श्रेष्‍ठा ठाकुर को पति की सच्चाई पता चली, जिसके बाद वह दोनों अलग हो गए। हालांकि इसके बाद भी रोहित अपनी पूर्व पत्नी के नाम से धोखा करता रहा। आरोप है कि रोहित राज द्वारा ठगी की शिकायत लगातार लोगों से मिलती रही, इससे परेशान होकर अब श्रेष्‍ठा ठाकुर ने रोहित राज के खिलाफ कौशांबी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। अब यह मामला चर्चाओं में बना हुआ है। 

Content Writer

vasudha