अनोखा रिवाज, यहां सिर्फ लड़कियां दे सकती है चॉकलेट

punjabkesari.in Saturday, Feb 09, 2019 - 12:21 PM (IST)

आज चॉकलेट डे पर हर कोई एक-दूसरे को चॉकलेट गिफ्ट के तौर पर देता है पर क्या आप जानते हैं कि कभी चॉकलेट का इस्तेमाल सिक्कों के तौर पर किया जाता था। कभी ऐसा भी वक्त था कि लोग इसकी पूजा करते थे, तो कहीं लोग चॉकलेट को टैक्स चुकाने के लिए इस्तेमाल करते थे। वैसे तो चॉकलेट खाने का कोई स्पेशल रिजन होना जरूरी नहीं।स्ट्रेस दूर करना हो या फिर किसी से प्यार का इजहार करना हो, अलग-अलग बहानों से चॉकलेट पिछले 200 सालों से लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बना हुआ है। आज चॉकलेट डे के मौके पर इससे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातों पर नजर डालते हैं-

 

जापान का अनोखा रिवाज

जापान में रिवाज है कि वैलेंटाइन वीक में मनाए जाने वाले चॉकलेट डे पर सिर्फ महिलाएं पुरुषों को चॉकलेट देंगी। इस मौके पर दी जाने वाली चॉकलेट खास तरह का संदेश देती है। पहली है- होनमेई चोको, इसका मतलब है चॉकलेट ऑफ लव। अगर कोई लड़की किसी लड़के को यह देती है तो इसका मतलब है कि वह उससे प्यार करती है। दूसरी है- गिरी चोको, इसे कर्ट्सी चॉकलेट भी कहते हैं। लड़कियां यह चॉकलेट लड़कों को सिर्फ इसलिए देती हैं क्योंकि यह एक रिवाज है। तीसरी तरह का चॉकलेट बहुत खास होता है। अगर कोई लड़की लड़के से शादी करना चाहती हैं तो वह अपने हाथों से बना चॉकलेट खिलाती है। इस रिवाज के जरिए लड़कियां अपनी दिल की बात लड़को को बताती है।

 

साल में 10 बार मनाते हैं चॉकलेट डे

साल के सबसे रोमांटिक हफ्ते 'वैलेंटाइन वीक' के तीसरे दिन चॉकलेट डे सेलिब्रेट करते हैं। इस दिन लोगों, खासकर लव कपल्स के बीच, एक दूसरे को चॉकलेट देने का रिवाज है। हालांकि, साल भर में लोग कई दफा चॉकलेट के नाम पर जश्न मनाते हैं-
बिटरस्वीट चॉकलेट डे: 10 जनवरी
चाकलेट डे: 9 फरवरी
व्हाइट डे (जापान): 14 मार्च
चॉकलेट चिप डे: 15 मई
चॉकलेट आइसक्रीम डे: 7 जून
इंटरनेशनल चॉकलेट डे: 7 जुलाई
मिल्क चॉकलेट डे: 28 जुलाई
चॉकलेट मिल्क शेक डे: 12 सितंबर
नेशनल चॉकलेट डे (अमेरिका): 28 अक्टूबर
चॉकलेट कवर्ड एनिथिंग डे: 16 दिसंबर

 

चॉकलेट डे का इतिहास

क्या आप जानते हैं कि चॉकलेट डे की शुरुआत रिचर्ड कैडबरी ने की थी। रिचर्ड कैडबरी ने ही सबसे पहले चॉकलेट का बिजनेस शुरू किया था। उन्होंने वैलेंटाइन्स डे (14 फरवरी) के लिए स्पेशल चॉकलेट बॉक्स बाजार में लॉन्च किए थे। चॉकलेट बॉक्स की लॉन्चिंग के दौरान लोगों को यह भी सलाह दी गई कि चॉकलेट खत्म हो जाने के बाद भी लोग उन डब्बों को फेंके नहीं, बल्कि लव लेटर्ज को रखने के लिए इस्तेमाल करें।

 

सिक्कों की तरह हुआ चॉकलेट का इस्तेमाल

हमारे इतिहास में कई ऐसी सभ्यता भी हुई है जहां कोकोआ बीन्स उगाए जाते थे और उसकी मूर्ति बनाकर पूजा करते थे। मेक्सिको की एज्टेक सभ्यता के दौरान चॉकलेट का इस्तेमाल सिक्कों के तौर पर किया जाता था।

 

चॉकलेट रखता है दिल को तंदरुस्त

एक स्टडी में पता चला है कि चॉकलेट खाने से दिल सेहतमंद रहता है। चॉकलेट में थियोब्रोमाइन होता है। इसे खाने से शरीर में इंडोरफिन रिलीज होता है जिससे स्ट्रैस खत्म होती है और खुशी का एहसास होता है। यही वजह है कि लव कपल्स एक दूसरे को चॉकलेट गिफ्ट करते हैं। 

Content Writer

Vandana