बदलती सोच! लड़कियों ने किया टॉप तो गांव वालों ने उनके नाम पर बनाई सड़कें

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2020 - 04:29 PM (IST)

हाल ही में कई राज्यों ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित किए हैं। हर बार की तरह लड़कियोें ने परीक्षा में बाजी मारी है। इन्हीं लिस्ट में कुछ ऐसी लड़कियां शामिल हैं जिनकी मेहनत और लगन से खुश होकर गांव वालों ने उनके नाम पर सड़कों के नाम रख दिए। जी हां, हम बात कर रहे हैं उदयपुर के नागौर जिले की टाॅपर लड़कियों की...

यहां की पंचायत समिति ने लड़कियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के लिए एक अनोखा कदम उठाया है। उन्होंने जिले की टाॅपर लड़कियों के नाम पर सड़क का नामकरण किया है। अब इस गांव की सड़कों का नाम दिव्या शर्मा, खुशबू राठौर, गज़ल, पूजा और कोमल प्रजापत के नाम पर रखा गया है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक 'रास्ता खोलो अभियान' के तहत नागौर प्रशासन ने यह कदम उठाया है। दरअसल, हाल ही में 38 विवादित सड़कों को बहाल करके उनका दोबारा नामकरण किया गया है। परीक्षा में टाॅप करने वाली लड़कियों के नाम पर इन सड़कों का नाम रखा गया है।

इनमें से एक दिव्या शर्मा जो हॉकी की स्टेट लेवल प्लेयर भी है ने 10वीं की कक्षा में 97 प्रतिशत अंक लेकर टॉप किया है। दिव्या का कहना है कि इस बात की जानकारी मिलने बाद वो और उनका परिवार हैरान रह गए। वहीं दिव्या के पिता का कहना है कि ये असली प्रेरणा है, सिर्फ मेरी बेटी के लिए ही नहीं बल्कि इस जिले में रहने वाली सभी लड़कियों के लिए। इससे लड़कियां पढ़ाई करने के लिए प्रेरित होंगी।

Content Writer

Bhawna sharma