शादी के बाद पहली रसोई में ट्राई करें 3 तरह का स्वादिष्ट हलवा

punjabkesari.in Friday, Feb 18, 2022 - 02:14 PM (IST)


शादी के बाद महिलाएं पहली रसोई की रस्म निभाती हैं, जिसमें उन्हें कुछ मीठा बनाना होता है। अक्सर महिलाएं सूजी का हलवा ही बनाती है लेकिन आप कुछ अलग भी कर सकती हैं। आज हम आपको 3 तरह की हलवा रेसिपी बताएंगे। ऐसे में अगर आप भी दुल्हन बनने वाली हैं तो पहले से ही खुद को पहली रसोई के लिए तैयार कर सकती हैं।

मूंग दाल का हलवा

सामग्री:

मूंग दाल - 1 कप (4-5 घंटे भिगोई हुई)
काजू-बादाम - जरूरतअनुसार (कटे हुए)
किशमिश - 1 चम्मच
देसी घी - 1 चम्मच 
मलाई - 1/2 कप
इलायची - 2  
दूध - 1 कप 

बनाने की विधि -

1. सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल काे ग्राइंडर में डालकर पेस्ट बना लें। 
2. एक पेन में घी को गर्म कर लें। 
3. अब उसमें पेस्ट डालकर धीमी-धीमी आंच पर पकाएं। इसे बीच-बीच में चलाते रहें, नहीं तो हलवा बर्तन के तलवे से लग जाएगा।
4. दाल को सुनहरा होने तक भूने और जब उसमें खूशबू आने लगे तो उसमें चीनी डालकर पकाएं। 
5. अब इसमें मलाई डालकर 5 मिनट पकाएं।
6. फिर इसमें दूध डालकर कुछ देर तक और पकाएं। 
7.जब दूध पूरी तरह से सूख जाए तो इसमें काजू,बादाम और किशमिश डालकर परोसें। 

आटे का हलवा

सामग्रीः

आटा - 1 कप आटा
घी -1 चम्मच 
पानी - 3 कप
इलायची पाउडर -1/2 चम्मच 
चीनी - 1 चम्मच 

बनाने की विधि

1. सबसे पहले एक कढ़ाई में घी गर्म करें और उसमें आटा डालकर अच्छी तरह भूनें। ध्यान रहे कि आटे में गांठें न बनें।
2. आटे को साथ-साथ चलाते भी रहें, ताकि वो जले नहीं।
3. दूसरी तरफ पैन में पानी और चीनी डालकर शुगर सिरप तैयार कर लें। 
4. जब आटा ब्राउन हो जाए तो इसमें शुगर सिरप डाल दें। 
5. इसे तब तक हिलाएं जब तक पानी इसमें न सोख जाए ।
6. करीब 2 मिनट तक पकाने के बाद इसमें इलायची पाउडर डालकर थोड़ी देर पकाएं।
7. आपका गर्मा-गर्म आटे का हलवा तैयार है। इसे आप काजू बादाम से सजाकर सर्व करें।
 


 
बेसन का हलवा

सामग्रीः

बेसन -1 कप
दूध - 2 कप
काजू-बादाम-किशमिश - 1/2 कप
सूखा नारियल - 1 (कद्दूकस किया हुआ)
चीनी - 1/2 चम्मच  
मलाई -1 कप  

बनाने की विधिः

1. सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करके उसमें बेसन डालें। 
2. बेसन को 5-7 मिनट तक भूनें और हिलाते रहें।
3. फिर उसमें चीनी व दूध डालकर अच्छे से पका लें ।
4. बेसन को तब तक पकाएं जब तक वो घी न छोड़ दे। अब इसमें नारियल डालकर 4-5 मिनट तक पकाएं।
5. इसमें दोबारा दूध डालकर कुछ देर तक भूनें और साथ-साथ चलाते रहें।
6. जब दूध अच्छी तरह से सूख जाए तो गैस बंद कर दें।
7. इसमें काजू, बादाम, किशमिश डालकर गार्निश करें। 
8. लीजिए आपका हलवा तैयार है। अब इसे सर्व करें।

 

Content Writer

Anjali Rajput