छक्का मारने के बाद अचानक क्रिकेटर के साथ बड़ा हादसा, बीच मैदान पर हुई मौत, होश उड़ा देगी वजह
punjabkesari.in Sunday, Jun 29, 2025 - 02:55 PM (IST)

नारी डेस्क: क्रिकेट की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के फिरोजपुर जिले में एक क्रिकेट मैच के दौरान एक बल्लेबाज की हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब खिलाड़ी ने एक शानदार छक्का लगाया और कुछ ही देर बाद अचानक मैदान पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक हैरान रह गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह हादसा पंजाब के फिरोजपुर जिले के गुरुहर सहाये इलाके में हुआ। मैच डीएवी स्कूल के ग्राउंड पर रविवार, 29 जून की सुबह खेला जा रहा था। यहां एक लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट हो रहा था, जिसमें स्थानीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे।
क्या हुआ मैच के दौरान?
मैच में हरजीत सिंह नाम के खिलाड़ी बैटिंग कर रहे थे। उन्होंने सफेद और काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। हरजीत ने एक गेंद पर शानदार छक्का मारा। छक्का मारने के बाद वह क्रीज पर बैठ गए। उसी समय नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ा उनका साथी खिलाड़ी भी उनके पास आकर बैठ गया। कुछ ही पल बाद हरजीत सिंह अचानक क्रीज पर ही लेट गए। शुरुआत में सभी को लगा कि शायद वह थक गए हैं लेकिन जब वह नहीं उठे तो साथी खिलाड़ियों ने उन्हें उठाने की कोशिश की।
ख़ौफ़नाक दृश्य।
— Ankit Rajput (@AnkitKu50823807) June 29, 2025
पंजाब के फिरोजपुर में क्रिकेट खेलते वक़्त एक खिलाड़ी ने जैसे ही ज़बरदस्त छक्का मारा,
अचानक दिल का दौरा पड़ा और उसी मैदान पर दम तोड़ दिया।
ज़िंदगी वाकई पल भर की मेहमान है… 🕯️#Firozpur #HeartAttack #Cricketer pic.twitter.com/AsM3evT01T
हालत बिगड़ते देख, कुछ खिलाड़ियों ने उन्हें सीपीआर (CPR) देने की भी कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हरजीत बेसुध हो चुके थे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हरजीत सिंह पेशे से कारपेंटर थे और क्रिकेट खेलने के शौकीन थे। वह मैच में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और 49 रन बनाकर खेल रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
ये भी पढ़े: पत्नी से हुई लड़ाई तो पति ने चलती मेट्रो में लगा दी आग, कई लोग हो गए घायल
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हरजीत छक्का लगाते हैं, फिर क्रीज पर बैठते हैं और अचानक गिर पड़ते हैं। लोगों की आंखों के सामने मैदान में इस तरह एक ज़िंदादिल खिलाड़ी का अचानक यूं चले जाना हर किसी को झकझोर गया है।
मुंबई में भी हुई थी ऐसी ही घटना
यह पहली बार नहीं है जब क्रिकेट मैदान में किसी खिलाड़ी की मौत हुई हो। पिछले साल जून में मुंबई के कश्मीरा इलाके में भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था। बॉक्स क्रिकेट के एक मैच में एक युवक ने छक्का लगाया और फिर अचानक गिर पड़ा। जब तक साथी खिलाड़ी कुछ समझ पाते, युवक की जान जा चुकी थी।
भारत में बढ़ते हार्ट अटैक के मामले
इन घटनाओं से यह साफ होता है कि भारत में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब यह समस्या सिर्फ बुज़ुर्गों तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवा और एक्टिव लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ज्यादा तनाव, खराब जीवनशैली, खान-पान और समय पर जांच न कराना इसके प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
क्रिकेट जैसे खेल में जहां उत्साह और जोश होता है, वहां अचानक इस तरह की घटनाएं दिल दहला देती हैं। हरजीत सिंह की मौत ने एक बार फिर से यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि दिल की सेहत को लेकर हम कितने सजग हैं।