इन देशों में टूरिस्ट्स के आने पर लगा बैन, जानें क्यों लिया गया यह फैसला?
punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 01:28 PM (IST)

नारी डेस्क : दुनिया भर में यात्रा और वीजा पॉलिसी लगातार बदल रही हैं। सुरक्षा, प्रवासन नियंत्रण और हेल्थ संबंधी कारणों से कई देश अपने वीजा नियम सख्त कर रहे हैं। हाल ही में अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फैसलों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं।
अमेरिका का ट्रैवल बैन
अमेरिका ने जून 2025 में Proclamation 10949 जारी कर 12 देशों के नागरिकों पर पूरी तरह प्रवेश प्रतिबंध लगा दिया है। इन देशों के नागरिक अब किसी भी प्रकार के वीजा पर अमेरिका नहीं आ सकेंगे। अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन। बता दें की इसके अलावा 7 अन्य देशों बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेज़ुएला पर आंशिक बैन लगाया गया है। इसका मतलब है कि केवल कुछ विशेष वीजा श्रेणियों में ही उनके नागरिकों को एंट्री नहीं दी जाएगी। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा, वीजा ओवरस्टे को रोकने और पहचान जांच प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए उठाया गया है।
यें भी पढ़ें : सेहत के लिए खतरनाक है अगरबत्ती और धूपबत्ती का धुआं, क्या हो सकता है कैंसर?
UAE का वीजा बैन
अमेरिका के बाद UAE भी चर्चा में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, UAE ने अफ्रीका और एशिया के 9 देशों के नागरिकों के नए टूरिस्ट और वर्क वीजा आवेदन पर अस्थायी रोक लगा दी है। इस सूची में अफगानिस्तान, लीबिया, यमन, सोमालिया, लेबनान, बांग्लादेश, कैमरून, सूडान और युगांडा शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि UAE सरकार की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ देशों के दूतावासों ने इसे गलत खबर बताया है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह कदम सुरक्षा चिंताओं, डॉक्यूमेंट फ्रॉड और अवैध प्रवासन को रोकने के लिए उठाया गया है। ध्यान देने वाली बात है कि यह रोक केवल नए वीज़ा आवेदन पर लागू है। जिन लोगों के पास पहले से वैध वीज़ा है, वे UAE जा सकते हैं।
क्यों बढ़ रहे हैं ट्रैवल बैन?
विशेषज्ञों का कहना है कि कई देश अब अपनी सीमाओं पर ज्यादा निगरानी रखना चाहते हैं। प्रवासन से जुड़ी चुनौतियां, सुरक्षा खतरे और अंतरराष्ट्रीय राजनीति इसके पीछे की बड़ी वजहें हैं। कोरोना महामारी के बाद कई देशों ने अपनी वीजा पॉलिसी सख्त कर दी है, ताकि स्वास्थ्य सुरक्षा और जनसंख्या नियंत्रण बेहतर किया जा सके।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
अगर आप किसी भी देश की यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले उसकी ताजा आधिकारिक गाइडलाइंस जरूर देखें। अमेरिका का ट्रैवल बैन पूरी तरह से आधिकारिक आदेश है। UAE का मामला अभी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है, इसलिए इसके अपडेट पर नजर रखना जरूरी है। आने वाले समय में और भी देश अपने वीजा नियम सख्त कर सकते हैं। इसलिए यात्रा से पहले पूरी जानकारी लेना और दस्तावेज सही रखना बहुत जरूरी है।