बार-बार टूट जाते हैं नाखून तो नींबू के ये 2 उपाय आएंगे आपके काम

punjabkesari.in Thursday, Jan 27, 2022 - 01:20 PM (IST)

लड़कियों को लंबे नाखून रखना बेहद पसंद होता है। मगर नाखून ज्यादा सॉफ्ट होने से वे बार-बार टूटते रहते हैं। इसके साथ ही इनको बढ़ने में भी परेशानी आती है। ऐसे में अगर आप भी बार-बार नाखून टूटने से परेशान हैं और इसे बढ़ना चाहती हैं तो कुछ नींबू की मदद ले सकती हैं। जी हां, विटामिन सी से भरपूर नींबू नाखूनों के टिशू को रिपेयर करके इसे तेजी से बढ़ने में मदद करता है। चलिए जानते हैं इन नुस्खों को अपनाने का तरीका...

नींबू

नींबू में मौजूद विटामिन सी व एंटी-बैक्टीरियल गुण नाखूनों को मजबूती प्रदान करते हैं। इससे नाखूनों का टूटना बंद होकर तेजी से बढ़ने में मदद मिलती है। इसके साथ ही नाखूनों का पीलापन दूर होकर ये साफ व चमकदार नजर आएंगे।

ऐसे करें इस्तेमाल

इसके लिए सोने से पहले नींबू का टुकड़ा नाखूनों पर 5-10 मिनट तक रगड़े। फिर इसे 20 मिनट तक लगा रहने दें। बाद में गुनगुने पानी से हाथ धोकर इसपर क्रीम लगाएं। हफ्ते में 2-3 बार इस नुस्खे को अपनाने से आपको फर्क नजर आएगा। अगर आपके नाखूनों के आसपास की स्किन फटी हुई हैं तो इस नुस्खे को ना अपनाएं। नहीं तो इससे आपकी स्किन पर जलन या खुजली की समस्या हो सकती है।

जैतून तेल और नींबू का रस

आप नाखून को मजबूत व लंबे करने के लिए जैतून तेल और नींबू के रस से तैयार मिश्रण लगा सकती है। इससे आपके नाखून जड़ों से मजबूत होंगे। ऐसे में इनका टूटना बंद होगा। इससे आपके नाखून मजबूत होकर तेजी से बढ़ेंगे। इसके साथ ही ये साफ व चमकदार नजर आएंगे।

ऐसे करें इस्तेमाल

इसके लिए एक कटोरी में 1-1 चम्मच जैतून तेल और नींबू का रस मिलाएं। आप तेल हल्का गर्म भी कर सकती हैं। इसके बाद तैयार मिश्रण को नाखूनों पर लगाकर 5 मिनट तक मसाज करें। इसे 20 मिनट या रातभर लगा रहने दें। बाद में ताजे या गुनगुने पानी से नाखून धो लें। हफ्ते में 2 दिन इस उपाय को करने से आपको फर्क महसूस होगा।


नोट- ये नुस्खे आम जानकारी पर आधारित हैं। ऐसे में आप इसे अपनाने से पहले किसी एक्सपर्ट की सलाह लेना ना भूलें।

 

Content Writer

neetu