दीवाली पर शीशे जैसी चमक जाएगी रसोई, इन Hacks के साथ करें सफाई

punjabkesari.in Monday, Nov 06, 2023 - 07:04 PM (IST)

दीवाली आने वाली है ऐसे में महिलाओं ने घर की साफ सफाई भी शुरु कर दी है। घर की बात करें तो उसमें किचन भी सबसे पहले आता है। घर के साथ-साथ दीवाली से पहले किचन भी साफ रखना जरुरी है। ऐसे में यदि आप भी दीवाली से पहले किचन साफ करने की सोच रहे हैं तो आज आपको कुछ ऐसे आसान हैक्स बताते हैं जिनके जरिए आप अपनी किचन चमका सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में.....

ऐसे साफ करें प्लास्टिक का सामान 

किचन में रखा प्लास्टिक का सामान साफ करने के लिए आप एक बाल्टी में गर्म पानी भरें। फिर इसमें 3 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इस मिश्रण में प्लास्टिक की चीजें रखकर 30 मिनट बाद निकाल लें। निकालने के बाद यह चीजें पानी से धो लें इससे यह एकदम साफ हो जाएंगी। 

कांच के बर्तन 

कांच के बर्तनों को आप अलग ही साफ करें। साथ में साफ करने से बर्तन टूट सकते हैं। गर्म पानी में थोड़ा सा नमक और साबुन डालकर घोल बनाएं। इस घोल से बर्तन एकदम चमक जाएंगे। 

तांबे के बर्तन 

इन बर्तनों को साफ करने के लिए आप टोमेटो कैचअप इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ देर के लिए बर्तनों में कैचअप लगाकर रख दें। इसके बाद बर्तन साफ कपड़े से रगड़ें। गीले कपड़े के साथ भी आप बर्तन साफ कर सकते हैं। साथ ही पीतल के बर्तनों को आप ईमली, नमक, नींबू और सिरका से भी साफ कर सकते हैं। लोहे के बर्तन साफ करने के लिए आप नमक में थोड़ा गर्म पानी मिलाएं और पेस्ट बना लें। इस पेस्ट से बर्तन साफ हो जाएंगे। 

दाग-धब्बे हो जाएंगे साफ 

रसोई की दीवारों और डिब्बों पर लगे दाग-धब्बे साफ करे के लिए आप ब्लीच डिटर्जेंट का इस्तेमाल कर सकते हैं। किचन के स्लैब को आप इन चीजों के साथ चमका सकते हैं। इस बात का ध्यान रखें कि यदि किचन की दीवार में टाइल्स लगी हैं तो उसे डिटर्जेंट के साथ ही साफ करें।  

Content Writer

palak