जानिए छोटे बच्चों के खिलौनों को साफ और कीटाणुमुक्त करने के आसान टिप्स

punjabkesari.in Saturday, Dec 05, 2020 - 04:46 PM (IST)

बच्चों को खिलौनों के साथ खेलना काफी पसंद होता है। ऐसे में उन्हें बच्चों का पहला दोस्त भी कहते हैं। इसके साथ तो वे घंटों एक ही जगह पर आराम से बैठ सकते हैं। मगर जैसे कि सभी जानते हैं कि बच्चों को हर चीज मुंह में डालने व जमीन पर गिराने की आदत होती है। ऐसे में इसके कारण खिलौने गंदे होने के साथ कीटाणु से भर जाते हैं। ऐसे में वहीं खिलौने मुंह में डालने से बच्चे के बीमार होने का खतरा बढ़ता है। इसके लिए जरूरी है कि समय-समय पर खिलौनों को साफ किया जाएं। इससे उनपर जमा गंदगी व बैक्टीरिया दूर होने के साथ एकदम साफ नजर आएंगे। तो चलिए आज हम आपको बताते हैं कि बच्चों के खिलौनों को बैक्टीरिया फ्री करने के आसान तरीके...

सॉफ्ट टॉय

छोटे बच्चों के खेलने के लिए रूईदार खिलौन एकदम सही रहते हैं। इससे वे बिना किसी परेशानी के आराम से खेल सकते हैं। मगर ये धूल-मिट्टी के संपर्क में आकर जल्दी ही गंदे हो जाते हैं। इसलिए इन्हें समय-समय पर इसे साफ करना बेहद जरूरी होता है। इसे साफ करने के लिए शैंपू व पानी का इस्तेमाल कर सकती है। इसके लिए खिलौनों पर शैंपू लगाकर उसे थोड़ी देर बाल्टी में भिगोएं। जब खिलौने साफ लगने लगे तो इन्हें पानी से धोकर धूप में सूखाएं। 

बाथरूम के खिलौने

अक्सर लोग बच्चों को नहाते समय बत्तख व नाव जैसे खिलौने देते हैं। ऐसे में बच्चे बिना रोएं आराम से नहा लेते हैं। बात इन खिलौनों को साफ करने की करें तो इसे आप साबुन या शैंपू की मदद से साफ कर सकती है। इसके लिए इन्हें अच्छे से रगड़ते हुए साफ करके पानी से धोएं। बाद में धूप में सूखा लें। 

रबर के खिलौने

रबर से तैयार खिलौने बच्चों के लिए काफी सुरक्षित समझे जाते हैं। यह पकड़ने में भी हल्के होने से बच्चे इससे आराम से खेल सकते हैं। बात इन खिलौनों को धोने की करें तो इसके लिए साबुन, सर्फ या शैंपू को लेकर हल्के हाथों से रगड़ते हुए इन्हें साफ करें। उसके बाद पानी में करीब 1 घंटा भिगोएं। इनकी बनावट खराब ना हो इसके लिए आप इसे साफ करने के लिए भी इस्तेमाल करें। 

प्लास्टिक के खिलौने

प्लास्टिक के खिलौने हल्के होते हैं। ऐसे में बच्चे इसके साथ खेलना काफी पसंद करते हैं। मगर इसपर धूल-मिट्टी व बैक्टीरिया जल्दी जमने की परेशानी होती है। ऐसे में इनपर जमा गंदगी को साफ करने के लिए आप साबुन, शैंपू व डिश डिटर्जेंट का इस्तेमाल कर सकती है। इसके साथ ही इसके लिए गर्म पानी का इस्तेमाल करना काफी सही रहेगा। इसके लिए खिलौनों को अच्छे से साफ करके 15-20 मिनट के लिए गर्म पानी में डुबोएं। उसके बाद इन्हें नॉर्मल पानी से धो कर साफ व सूखे कपड़े से सूखा लें। इसके अलावा आप इन्हें थोड़ी देर के लिए धूप में रख कर भी सूखा सकती है। 

मगर बहुत से प्लास्टिक खिलौने में बैटरी लगी होती है। ऐसे में इसे आप किसी पुराने पेंट ब्रश या टूशब्रश से साफ कर सकती है। मगर इससे पहले ब्रश को अच्छे से जरूर साफ कर लें। 

 

आपको हमारा यह आर्टिकल कैसा लगा हमें कमेंट बॉक्स में बताना ना भूलें। 
 

Content Writer

neetu