बैंक बैलेंस नहीं मन की खुशी है जरूरी... महिलाओं को अंदर से अमीर बनाने के टिप्स
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 02:52 PM (IST)
नारी डेस्क: कई महिलाओं के लिए पैसा सिर्फ बैंक बैलेंस नहीं होता बल्कि भावनाओं, डर, जिम्मेदारियों और सपनों से जुड़ा विषय होता है। बचपन से हमने अक्सर सुना “पैसा संभालना पुरुषों का काम है” या “ज्यादा पैसा चाहना ठीक नहीं”, लेकिन सच्चाई यह है कि धन कमाना और संभालना एक कौशल है और इसे सीखा जा सकता है। चलिए आज जानत हैं कि पैसे के साथ महिलाओं का रिश्ता कैसा होना चाहिए।

सबसे पहले खुद से पूछें
क्या मुझे पैसा खर्च करते समय अपराधबोध होता है? क्या मैं निवेश करने से डरती हूं? क्या मुझे लगता है कि मैं पैसे संभालने में अच्छी नहीं हूं? इन सवालों के जवाब आपकी पुरानी सोच को उजागर करेंगे। जब तक आप उसे पहचानेंगी नहीं, तब तक उसे बदल नहीं पाएंगी। पहचान ही बदलाव की पहली सीढ़ी है।
कमी की सोच से समृद्धि की सोच की ओर
“मेरे पास कभी पर्याप्त पैसा नहीं होगा” यह कमी की सोच है। “मैं सीख सकती हूं, बढ़ सकती हूं और धन बना सकती हूं” यह समृद्धि की सोच है। हर दिन अपने मन में सकारात्मक वाक्य दोहराएं जैसे- मैं आर्थिक रूप से सक्षम हूं, मैं समझदारी से निवेश कर सकती हूं, मैं अपने परिवार के लिए संपत्ति बना सकती हूं।
वित्तीय शिक्षा को प्राथमिकता दें
धन अंदर से शुरू होता है, लेकिन बाहर उसे बढ़ाने के लिए ज्ञान जरूरी है। बजट बनाना सीखें, इमरजेंसी फंड तैयार करें, म्यूचुअल फंड, SIP, शेयर बाजार या रियल एस्टेट जैसे विकल्पों को समझें। छोटे कदम भी लंबे समय में बड़ा अंतर पैदा करते हैं। कई बार महिलाएं परिवार की जरूरतों को अपनी जरूरतों से ऊपर रखती हैं। लेकिन आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए खुद को प्राथमिकता देना जरूरी है।इसलिए अपने नाम से निवेश करें, अपने वित्तीय निर्णय खुद लें, जोखिम को समझें, उससे भागें नहीं। आत्मनिर्भरता ही असली संपत्ति है।

कमाई के नए रास्ते तलाशें
आज के डिजिटल युग में महिलाओं के पास कई विकल्प हैं फ्रीलांसिंग, ऑनलाइन बिजनेस, स्किल बेस्ड कोर्स, होम-बेस्ड एंटरप्राइज अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आय के नए स्रोत बनाएं। जब आप अपने डर, सीमित मान्यताओं और आत्म-संदेह को पीछे छोड़ देती हैं, तो धन अपने आप आपके जीवन में जगह बनाने लगता है। याद रखें धन सिर्फ पैसा नहीं है यह आत्मविश्वास है, यह स्वतंत्रता है यह अपने सपनों को जीने की ताकत है।

