इस शहर की खूबसूरती ना हो खराब, इसलिए यहां ट्रॉली बैग पर लगा बैन

punjabkesari.in Tuesday, Jul 04, 2023 - 03:24 PM (IST)

लंबी यात्रा के लिए लोग अकसर ट्रॉली बैग पर ही भरोसा करते हैं। ये बैग कैरी करने में आसान होते हैं साथ ही इसमें आपका सामान भी सुरक्षित रहता है। पर जरा सोचिए अगर आपको ट्रॉली बैग के बीना ही सफर करने पड़े तो आपका क्या हाल होगा। क्योंकि एक शहर ऐसा हैं जहां ट्रॉली बैग पर बैन लगा दिया गया है।


अगर इस शहर में आप गलती से ट्रॉली बैग साथ ले गए तो आपको  भारी-भरकम जुर्माना देना पड़ेगा। यूरोपियन देश क्रोएशिया के शहर डुब्रॉवनिक ने ट्रॉली पर बैन लगाने का फैसला लिया है। यह शहर बेहद खूबसूरत है, जिसके चलते लोग दूर- दूर से  यहां घूमने आते हैं। अब जहां इतने लोग आएंगे, वहां उतने ही ट्रैवल बैग्स भी आएंगे, ऐसे में इस नियम ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।


यहां पर कई व‌र्ल्ड हेरिटेज साइट्स मौजूद हैं, यहां के ऐतिहासिक शहर पर्यटकों को खूब भाते हैं। यहां पत्थरों से बनी बिल्डिंगें और खूबसूरत बीच पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यह काफी शांत शहर है, पर्यटक सुकून की चाह में यहां आते हैं। जब इन सड़कों पर अपने पहियों वाले बैग्स के साथ चलते हैं तो काफी शोर होता है। 


रात के वक्त भी वहां के लोकल लोगों को ऐसा ही शोर सुनाई देता है जिसकी वजह से वो सो नहीं पाते हैं। बस इसी असुविधा का सामना करने वाले लोगों ने प्रशासन से शिकायत की कि इस समस्या का हल खोजा जाए। अब  बैग्स पर प्रतिबंध लगाकार ही इसका समाधान निकाला जा रहा है।

डुब्रॉवनिक के मेयर मैटो फ्रैंकोविक ने यह नया नियम लागू कर दिया है। अब इस नए नियम के अनुसार अगर कोई शहर में ट्रॉली बैग लेकर चलता है तो उस पर 23,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसी साल नवंबर से यह भी नियम आ सकता है कि शहर के बाहर ही सामान जमा करना पड़े।

Content Writer

vasudha