घंटों AC में रहने से रूखी हो गई है स्किन तो राहत दिलाएंगे ये टिप्स

punjabkesari.in Monday, May 17, 2021 - 05:07 PM (IST)

तेज गर्मी से बचने के लिए लोग AC का सहारा लेते हैं। इससे शरीर को ठंडक तो मिलती है। मगर घंटों AC की हवा स्किन को नुकसान पहुंचाने का काम करती है। असल में, AC से निकलने वाली ठंडी हवा त्वचा की नमी सोख लेती है। ऐसे में स्किन रुखी, बेजान व खिंची-खिंची नजर आने लगती है। ऐसे में इससे बचने के लिए वैसे तो बाजार में बहुत सी क्रीम व लोशन मिलते हैं। मगर आप कुछ नेचुरल चीजों को इस्तेमाल कर सकती है। तो चलिए जानते हैं उन चीजों के बारे में...

दही से मिलेगी राहत

घंटों एसी की हवा लेने पर ड्राई स्किन होने के साथ त्वचा पर धब्बे भी पड़ने लगते हैं। ऐसे में इससे छुटकारा पाने के लिए आप दही से मसाज कर सकती है। दही में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी- इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह स्किन को अंदर से पोषित करके उसमें घंटों नमी बनाए रखने में मदद करते हैं। साथ ही चेहरे पर पड़े दाग-धब्बे, काले घेरे आदि की समस्या दूर होेने में भी मदद मिलती है। ऐसे में चेहरा साफ, निखरा, मुलायम व जवां नजर आता है। इसके लिए दही से 10 मिनट तक चेहरे की मसाज करें। बाद में गुनगुने पानी से इसे साफ कर लें। 

सूरजमुखी तेल नमी के साथ पहुंचाएगा पोषण

आप स्किन में नमी बरकरार करने के लिए सूरजमुखी तेल लगा सकती है। इसमें विटामिन ई अधिक होता है। यह त्वचा की कोशिकाओं को गहराई से पोषित करके लंबे समय तक नमी बरकरार रखने में मदद करता है। साथ ही स्किन साफ, मुलायम व ग्लोइंग नजर आती है। इसके लगाने के लिए पहले चेहरे को धो लें। फि इस तेल से 5 मिनट तक सर्कुलर मोशन में मसाज करें। 10 मिनट तक इसे लगा रहने दें। बाद में पानी से साफ कर लें। 

शहद दिखेगा असर

शहद पोषक तत्व, एंटी-ऑक्सीडेंट व औषधीय गुणों से भरपूर होता है। ऐसे में यह मॉइस्चराइजर की तरह स्किन पर काम करता है। यह त्वचा को गहराई से साफ करने के साथ लंबे समय तक नमी बनाए रखने में मदद करता है। इसके लिए 1 छोटे चम्मच शहद को चेहरे पर हल्के हाथों से 10 मिनट तक मसाज करें। बाद में इसे पानी से साफ कर लें। यह रूखी त्वचा को पोषित करने के साथ स्किन संबंधी समस्याओं से भी आराम दिलाएगा। 


 

Content Writer

neetu