खूबसूरती के मामले में विदेश से कम नहीं है भारत की ये जगहें, बजट में रहेगा ट्रिप

punjabkesari.in Thursday, Feb 03, 2022 - 03:10 PM (IST)

घूमने का नाम आते ही लोग ज्यादातर विदेश जाने का प्लान करते हैं। मगर बजट के कारण वे जा नहीं पाते हैं। ऐसे में आज हम आपको भारत की कुछ खास जगहों के बारे में बताते हैं, जो विदेशों से कम नहीं मानी जाती हैं। ऐसे में आपको देश में ही विदेश घूमने का अनुभव होगा। इसके साथ ही आपके पैसे भी बच जाएंगे।

अंडमान-निकोबार

अंडमान-निकोबार अपने वनस्पतियों व जीवों के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर आप पक्षियों की करीब 270 प्रजातियां देख सकते हैं। इस खूबसूरत प्राकृतिक नजारों से भरे आइलैंड में जाकर आपको थाईलैंड के फी-फी द्वीप समूह में घूमने का एहसास होगा।

गुलमर्ग

गुलमर्ग को धरती पर स्वर्ग कहा जाता है। यहां घूमने वाले पर्यटक इसकी तुलना दुनिया के खूबसूरत देश स्विट्जरलैंड से करते हैं। श्रीनगर से लगभग 52 किमी की दूरी पर स्थित गुलमर्ग शहर अपने आकर्षक से किसी का दिल आसानी से जीतने का काम करता हैं। यहां बर्फ से ढकी चोटियों को देखकर आपको स्विट्जरलैंड घूमने का अनुभव होगा।  

सिक्किम

सिक्किम के उत्तर में  स्थित गुरुडोंगमर झील भारत की दूसरी सबसे ऊंची और दुनिया की 15 सबसे ऊंची झीलों में से एक जानी जाती है। ये खूबसूरत झील आइसलैंड की जोकुल्सरालोन झील से मेल खाती हैं। ऐसे में आप देश में ही विदेश घूमने का मजा ले सकते हैं।

थार डेसर्ट

राजस्थान में स्थित थार डेसर्ट अपनी खूबसूरती व आकर्षण से दुनियाभर में मशहूर है। इसे विश्व में 18वां सबसे बड़ा और अधिक आबादी वाला ग्रेट इंडियन डेसर्ट कहा जाता है। इसकी खूबसूरती की तुलना अफ्रीका के सहारा रेगिस्तान से की जाती हैं। बात यहां घूमने की करें तो इसके लिए दिसंबर और जनवरी का महीना बेस्ट माना जाता है।

केरल

केरल अपने प्राकृतिक नजारे, हाउसबोट, लजीज खाने से जाना जाता है। इसके अलावा हाउसबोट में मछली पकड़ना, नौका दौड़ आदि पर्यटकों के आकर्षम का मुख्य केंद्र माना जाता है। यहां लहराते खेत, पक्षियों की चहचहाहट, पानी में घूमती बत्तखों का नजारा वेनिस की याद दिलाता है। ऐसे में आप केरल जाकर वेनिस घूमने का एहसास कर सकते हैं।

PC: freepik

Content Writer

neetu