चुभती-जलती घमौरियों से आराम दिलाएंगे दादी-मां के नुस्खे

punjabkesari.in Monday, May 18, 2020 - 05:24 PM (IST)

गर्मी आते ही चुभती जलती घमौरियों की समस्या भी आम देखने को मिलती है। हाथ, पैर और पीठ पर होने वाली घमौरिया को हीट रैशेज भी कहा जाता है। चिलचिलाती धूप और पसीने की वजह से शरीर पर छोटे-छोटे लाल दानें यानी घमौरियां हो जाती है। इससे होने वाली खुजली, चुभन और जलन परेशान कर कर देती है। ऐसे में आज हम आपको कुछ घरेलू नुस्खे बताएंगे, जिससे घमौरियों से राहत पा सकते हैं।

नीम और कपूर

एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी बैक्टीरियल नीम और कपूर घमौरियों से राहत दिलाने में काफी मददगार है। इसके लिए नीम के पत्तों का पेस्ट बनाकर उसमें कपूर मिलाएं। इसे 30 मिनट तक घमौरियों पर लगाएं और फिर ठंडे पानी से नहाएं।

कोकम

हाथ, पैर या पीठ पर होने वाली घमौरियों में जलन, चुभन होती है, जिससे छुटकारा दिलाने में कोकम बेस्ट ऑप्शन है। इसके लिए कोकम के 4 से 5  टुकड़े 2 गिलास पानी में रातभर भिगो दें। सुबह पानी को छानकर तब तक उबालें जब तक वो आधा न रह जाए। फिर पानी को ठंडा करके इसमें 3 से 4 चम्मच चीनी मिलाकर पीएं।   

तरबूज

तरबूज के गूदे को 15 से 20 मिनट के लिए घमौरियों पर लगाएं और फिर ठंडे पानी से नहा लें। इससे भी घमौरियों की समस्या दूर हो जाएगी।

आइस पैक

बर्फ के कुछ टुकड़ों को कपड़े में लपेटकर प्रभावित हिस्से पर हल्के हाथों से रगड़े। ऐसा करने से घमौरियां की चुभन, जलन और लालपन ठीक हो जाएगा।

बेकिंग सोडा

2 चम्मच बेकिंग सोडा को 1 कप ठंडे पानी में मिलाएं। साफ सूती कपड़े को पानी में भिगोकर प्रभावित हिस्से पर लगाएं। दिन में कम से कम 3 से 4 बार ऐसा करने से घमौरिया कम होंगी।

मुल्तानी मिट्टी

घमौरियां होने पर शरीर पर मुल्तानी मिट्टी का लेप बनाकर लगाने से काफी फायदा होता है। इससे कुछ ही दिनों में घमौरियों की समस्या ठीक हो जाती है।

नारियल तेल

नारियल तेल में कपूर पीसकर रख लें। नहाने के बाद इसे घमौरियों पर लगाएं। रोजाना दिन में 2 बार इससे मालिश करने पर घमौरियां ठीक हो जाएंगी।

एलोवेरा

फ्रैश एलोवेरा को अच्छे से धो लें। अब इसके गूदे को घमौरियों पर लगाएं। एलोवेरा लगाने से जल्द ही घमौरियों से राहत मिलेगी।

चंदन

चंदन पाउडर, धनिया पाउडर व गुलाब जल मिलाकर लेप बनाएं। इसे प्रभावित हिस्से पर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। फिर ताजे पानी से धो लें। इससे घमौरियों दूर हो जाएंगी।

मेंहदी

मेंहदी से ना सिर्फ घमौरियां दूर होगी बल्कि यह शरीर को ठंडक भी देगा। इसके अलावा मेंहदी के पत्तों का पेस्ट पानी में मिलाकर स्नान करने से भी फायदा होगा।

Content Writer

Anjali Rajput