कन्या राशि की लड़कियों के लिए कैसा पार्टनर रहता है बेस्ट?

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2020 - 05:18 PM (IST)

हर कोई अपने लाइफ पार्टनर में बहुत सारी खूबियों को ढूंढता है। ऐसे में शादी के बंधन में बंधने से पहले हर लड़का और लड़की बहुत सोच- विचार कर फैसला लेते हैं। इस बात के बारे में सोचते हैं कि शादी के बाद जीवनसाथी के साथ अच्छे से निभ पाएगी या नहीं। ऐसे में बहुत से लोग पहले एक-दूसरे से मिलकर, बात कर शादी से जुड़ा अहम निर्णय लेते हैं। मगर ज्योतिषशास्त्र के अनुसार लड़का और लड़की की कुंडलियां मिलाकर भी काफी हद तक उनके आने वाली जिंदगी के बारे में काफी कुछ पता लगाया जा सकता है। तो चलिए आज हम आपको कन्या राशि की लड़कियों के बारे में बताते हैं कि उनके लिए कौन- सी राशि का लड़का जीवनसाथी के रूप में बेस्ट रहेगा। 

जब दोनों कन्या राशि के हो

अगर दोनों पार्टनर एक राशि के होंगे तो यह स्वभाविक सी बात है कि दोनों में एक जैसे गुण मिलेंगे। ऐसे में इसका स्वभाव एक जैसा होने से इन्हें एक-दूसरे की पसंद- नापसंद का अच्छे से पता होगा। ऐसे में इनकी शादी काफी सफल रहेगी। 

लड़की कन्‍या लड़का मेष राशि 

कन्या राशि की लड़कियां बात करने की शौकिन होती है। मगर मेष राशि के लड़कों को कम बोलना पसंद होता है। साथ ही कन्या राशि की लड़कियों का रौबदार स्वभाव मेष राशि के लड़कों को दुखी करने वाला हो सकता है। ऐसे में अगर इन दोनों की शादी हो जाए तो दोनों में लड़ाई- झगड़े ज्यादा होने की संभावना रहती है। ऐसे में इन्हें शादी के बंधन में बंधने से पहले अच्छे से सोच- विचार कर लेना चाहिए।

लड़की कन्‍या राशि लड़का वृष राशि 

कन्या राशि की लड़कियां वृषभ राशि के लड़कों से जल्दी ही अट्रैक्ट हो जाती है। जहां कन्या राशि की लड़कियों का स्वभाव चंचल होता है। वहीं वृषभ राशि के लड़के गंभीर सोच रखने वाले होते हैं। ऐसे में इनकी मैरिड लाइफ काफी अच्छी व स्मूद चलती है। 

लड़की कन्‍या राशि लड़का मिथुन राशि 

कन्या राशि की लड़कियां अपनी बातों व विचारों पर एकमत नहीं रखती है। वे इन्हें जल्दी ही भूल या बदल देती है। दूसरी ओर मिथुन राशि के लड़के अपनी बातों को लेकर बेहद अटल होते हैं। ऐसे में अपने इस स्वभाव के कारण कन्या राशि की लड़कियों को मिथुन राशि के लड़कों की नाराजगी का सामना करना पड़ता है। जहां कन्या राशि की लड़कियां बेहद पढ़ी- लिखी होने से चीजों का काफी ज्ञान रखती है, वहीं मिथुन राशि के लड़के वैचारिक स्तर पर मजबूत होते हैं। ऐसे में अगर एक- दूसरे को समझे तो इन दोनों का रिश्ता मजबूत बन सकता है। 

लड़की कन्‍या राशि लड़का कर्क राशि 

इन दोनों राशियों के लोग एक-दूसरे के लिए एकदम परफेक्ट होते हैं। ये दोनों एक बार आपस में मिल जाए तो करियर में अच्छी ऊंचाइयों को छूते हैं। साथ ही इनका वैवाहिक जीवन सुखमय बीतता है। ऐसे में इनकी जोड़ी को बेस्ट कहा जा सकता है। 

लड़की कन्‍या राशि लड़का सिंह राशि 

कन्या राशि की लड़कियां बातूनी होती है। मगर सिंह राशि के लड़कों को मतलब की बात करना पसंद होता है। ऐसे में इनके रिश्ते में हमेशा तनाव रहता है। इनकी शादी कुछ ज्यादा देर तक चलने वाली नहीं होती है। मगर कहीं कन्या राशि की लड़कियां अपने पार्टनर के मुताबिक हो जाए तो इनकी मैरिड लाइफ स्मूद चल सकती है। 

लड़की कन्या राशि लड़का तुला राशि 

इन दोनों राशियों के लोगों को एक- दूसरे के प्रति बेहद अट्रैक्शन होता है। ये एक- दूसरे के साथ दोस्ती भरा व्यवहार रखते हैं। दोनों ही अपनी- अपनी काबिलियत के चलते एकआदर्श जोड़ी बनाते हैं। ऐसे में इनका रिश्ता काफी मजबूत और गहरा बनता है। 

लड़की कन्‍या राशि लड़का वृश्चिक राशि 

इन दोनों राशियों के लोगों में धरती और जल की तरह दोस्ती रहती है। ऐसे में इनकी जोड़ी को एकदम परफेक्ट कहा जा सकता है। जहां कन्या राशि की लड़कियां बेहद सेंसिटिव होती है, वहीं वृश्चिक राशि के लड़के फीलिंग्स को समझने वाले होते हैं। इसतरह ये दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार करने वाले होते हैं। ऐसे में इनकी जोड़ी बेस्ट साबित होती है।

लड़की कन्‍या राशि लड़का धनु राशि 

कन्या राशि की लड़कियां अपने मुताबिक जिंदगी जीना पसंद करती हैं। ऐसे में वे जल्दी ही अपनी सोच बदल लेती हैं। मगर धनु राशि के लड़के लगन और मेहनत से हर चीज हासिल करने की काबिलियत रखते हैं। वे बिना मतलब समय खराब करना सही नहीं समझते हैं। ऐसे में इन्हें कन्या राशि की लड़कियों द्वारा समय बर्बाद करने में गुस्सा आता है। इसतरह दोनों की सोच और आदतें अलग होने से इन्हें शादी के बंधन में बंधने से पहले सोच लेना चाहिए। नहीं तो इन्हें बाद में पछताना पड़ सकता है।

लड़की कन्‍या राशि लड़का मकर राशि 

इन राशियों के लोगों का वैवाहिक जीवन सामान्य कहा जा सकता है। बात अगर कन्या राशि की लड़कियों की करें तो इन्हें हर बात पर ज्यादा सोचने की आदत होती है। दूसरी ओर मकर राशि के लड़के थोड़े गंभीर स्वभाव के होते हैं। मकर राशि के लड़कों को अपने पार्टनर पर रौब डालने की आदत के चलते इनके रिश्ते में थोड़ी परेशानियां आ सकती है।

लड़की कन्‍या राशि लड़का कुंभ राशि 

कन्या राशि की लड़कियां कुंभ राशि के लड़के से जल्दी प्रभावित हो जाती है। मगर सच्चाई सामने आने पर इनके रिश्ते में खटास पैदा होने में भी देर नहीं लगती है। ऐसे में इन्हें विवाह के मामले में सोच- समझ कर विचार करने की जरूरत होती है।

लड़की कन्‍या राशि लड़का मीन राशि 

इन दोनों राशियों के लोगों का स्वभाव काफी हद तक एक जैसा होने से इनकी जोड़ी बेस्ट मानी जा सकती है। जहां कन्या राशि की लड़कियां किताबी ज्ञान से भरी होती है, वहीं मीन राशि के लड़के रिसर्च करते हैं। ऐसे में इन दोनों के मिल जाने से कोई भी इन्हें हरा नहीं सकता। हालांकि इन्हें कोई भी बात एक- दूसरे से छुपाने के लिए बचना चाहिए।
 

Content Writer

neetu