Beautiful Valleys: भारत की इन खूबसूरत वादियों के नजारे नहीं है किसी जन्नत से कम

punjabkesari.in Sunday, Jan 16, 2022 - 02:30 PM (IST)

देशभर में ऐसी कई जगहें हैं जो अपनी खूबसूरती, प्राकृतिक नजारे, भारत की संस्कृति, ऐतिहासिकता की झलक पेश करती हैं। इसके अलावा देश में कई खूबसूरत पहाड़ियां, झीले और सरोवर भी है। ऐसे में अगर आप नेचर लवर हैं तो आज हम आपको भारत की कुछ खास जगहों के बारे बताते हैं। यहां जाकर आपको धरती पर ही जन्नत घूमने का एहसास होगा।

अरुणाचल की जीरो वैली

अरुणाचल प्रदेश में स्थित जीरो वैली अपनी प्राकृतिक खूबसूरती से दुनियाभर में मशहूर है। बता दें, इसकी खूबसूरती के चलते इस घाटी का नाम यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल के रूप में घोषित किया है। इस वैली की खासियत हैं कि यहां पर सालभर में कभी भी घूमने जाया जा सकता है। यहां पर ना ही ज्यादा ठंड पड़ती है ओर ना ही ज्यादा गर्मी। आप यहां पर टैली वैली वन्यजीव अभयारण्य, मेघना गुफा मंदिर, काइल पाखो, मिडी और जीरो पुटो जैसे खूबसूरत जगहों को देखने का मजा ले सकते हैं।

कश्मीर घाटी  

दुनियाभर में कश्मीर धरती पर स्वर्ग के नाम से मशहूर है। अगर आप प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो एक बार कश्मीर घूमने का प्लान जरूर करें। यहां के सुंदर व बड़े पहाड़, झीलें आपका मन मोह लेंगी। कश्मीर घाटी काराकोरम और पीर पंजाल रेंज के बीच बनी हुई है। आप यहां के शांत भरे माहौल में खूबसूरत व प्राकृतिक नजारों का मजा लेते हुए तस्वीरें क्लिक करवा सकते हैं। आप इस घाटी पर नीले रंग की शांत झील भी देख सकते हैं।

कर्नाटक की शरवती घाटी

कर्नाटक राज्य भी अपनी खूबसूरती से दुनियाभर में फेमस हैं। यहां पर स्थित शिमोगा घाटी के झरने व पतझड़ी पेड़ों से भरा वातावरण इसकी खूबसूरती पर चार-चांद लगाने का काम करते हैं। शरवती घाटी में आप भालू, बाघ, सियार, हिरण, शेर की पूंछ वाले मकाक सहित कई वन्यजीव देख सकते हैं। घाटी पर बहती हुई शरवती नदी किसी का भी मन आसानी से जीतने का काम करती है। ऐसे में यह खूबसूरत नजारा किसी जन्नत से कम नहीं लगता है। आप यहां पर घूमने के लिए अक्तूबर से फरवरी तक कभी भी प्लान बना सकते हैं।

हिमाचल, फूलों की घाटी

हिमाचल की कई खूबसूरत घाटियों में फूलों का घाटी यानि वैली ऑफ फ्लावर पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। इसे हिमाचल का सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल माना गया है। इसलिए हर साल भारी मात्रा में देश-विदेश से लोग इस खूबसूरत घाटी पर घूमने आते हैं। बता दें, आप यहां पर जंगली फूलों की 300 से ज्यादा प्रजातियां देखने का मजा ले सकते हैं। ये फूल अपनी खूबसूरती और सुगंध से पूरी घाटी को महकाने का काम करती है। पर्यटक इस खूबसूरत नजारे को जन्नत से कम नहीं मानते हैं।


   

pc: freepik and amarujala

Content Writer

neetu