ये हैं भारत के सबसे मशहूर ऐतिहासिक प्रवेश द्वार, जानें इनकी खासियत

punjabkesari.in Friday, Jul 16, 2021 - 06:25 PM (IST)

भारत देश अपनी संस्कृति व खूबसूरती के साथ ऐतिहासिक चीजों से भी मशहूर है। वहीं दिल्ली का इंडिया गेट और मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के बारे में तो आप बखूबी जानते होंगे। ये भारत के ऐतिहासिक प्रवेश द्वार माने जाते हैं। मगर क्या आप जानते हैं कि इसके अलावा भी यहां पर कई प्रवेश द्वार है जो ऐतिहासिक महत्व रखते हैं? चलिए आज इस आर्टिकल में हम आपको भारत के 4 खास व मशहूर ऐतिहासिक प्रवेश द्वार के बारे में बताते हैं...

इंडिया गेट, दिल्ली

इंडिया गेट भारत की राजधानी दिल्ली में बना हुआ है। यह पर्यटकों के आर्कषण का मुख्य केंद्र है। ऐसे में देश-विदेश से लोग इसे देखने आते है। इस ऐतिहासिक प्रवेश द्वार की बात करें तो यह राजपथ के पास बना एक युद्ध स्मारक है। इसे प्रथम विश्व युद्ध (1914-1921) के बाद शहीद हुए 70,000 सैनिकों की याद में बनवाया गया था।

गेटवे ऑफ इंडिया, मुंबई

गेटवे ऑफ इंडिया मुंबई के दक्षिण में समुद्र तट पर स्थित एक मशहूर व ऐतिहासिक स्मारक है। कहा जाता है कि इसे 1911 में ब्रिटिश किंग जॉर्ज पंचम और महारानी मैरी के पहली बार भारत आने की याद में बनवाया गया था। यहां पर आप बोटिंग का भी मजा ले सकती है।

बुलंद दरवाजा, फतेहपुर सीकरी

बुलंद दरवाजा, फतेहपुर सीकरी में स्किन एक ऐतिहासिक प्रवेश द्वार है। यह 15 मंजिला स्मारक 'जीत का द्वार' के नाम से मशहूर है। इसे बनाने का मुख्य उद्देश्य मुगल सम्राट अकबर की गुजरात पर जीत था। यह प्रवेश द्वार फतेहपुर सीकरी में जामा मस्जिद का प्रवेश द्वार माना जाता है। यह आगरा से करीब 43 किलो मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में आप बुलंद दरवाजा देखने के साथ आगरा देख सकती है।

तीन दरवाजा, अहमदाबाद

तीन दरवाजा अहमदाबाद में भद्र के किल्ले की पूर्व दिशा में स्थापित एक ऐतिहासिक प्रवेश द्वार है। इसका निर्माण अमहदाबाद शहर की स्थापना के तुरंत बाद अहमद शाह ने करवाया था। उस समय तीन दरवाजा बेहद भव्य था। साथ ही उस काल में इस दरवाजे से बादशाह की सवारी निकलती थी। कहा जाता है कि इस प्रवेशद्वार से जुड़ा रास्ता 17 फीट लंबा और 13 फीट चौड़ा है।

 

Content Writer

neetu